देश की खबरें | राजस्थान पुलिस ने भाजपा नेता, तीन अन्य के खिलाफ दर्ज किया बलात्कार का मामला

जोधपुर (राजस्थान), 27 अगस्त राजस्थान के पाली में पुलिस ने स्थानीय भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के एक नेता और तीन अन्य लोगों के खिलाफ एक महिला का कथित तौर पर बलात्कार और उसकी नाबालिग बेटी से छेड़छाड़ करने के आरोप में मामला दर्ज किया है। अधिकारियों ने रविवार को यह जानकारी दी।

पुलिस ने पीड़ितों की मेडिकल जांच कर मामले में कार्रवाई शुरू कर दी है।

सोजत शहर के क्षेत्राधिकारी मृत्युंजय मिश्रा ने बताया कि एक महिला ने मोहनलाल जाट और तीन अन्य लोगों के खिलाफ बलात्कार तथा छेड़छाड़ की शिकायत दर्ज कराई है। आरोपियों में दो महिलाएं भी शामिल हैं।

जाट स्थानीय भाजपा नेता हैं।

अधिकारी ने शिकायत के हवाले से कहा, ''वह एक माह पूर्व जाट से रिहायशी परियोजना में एक प्लॉट के सौदे को लेकर मिली थी।''

उसने आरोप लगाया कि जाट ने महेश चांडक नाम के व्यक्ति के साथ मिलकर उसका बलात्कार किया और उसकी नाबालिग बेटी से छेड़छाड़ की। उनके साथ दो महिलाएं भी कथित रूप से शामिल थीं।

हालांकि, जाट ने आरोपों का खंडन किया है।

भाजपा नेता ने दावा किया है कि उसे इस मामले का पता पुलिस से लगा और वह जांच में सहयोग देंगे।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)