देश की खबरें | राजस्थान : सर्व समाज की ओर से अजमेर में शांति मार्च निकाला गया

Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. राजस्थान के अजमेर में मंगलवार को सर्व समाज की ओर से शांति मार्च निकाला गया, जिसमें हिन्दू और मुस्लिम सहित विभिन्न समाज के धार्मिक नेता शामिल हुये।

जयपुर, 12 जुलाई राजस्थान के अजमेर में मंगलवार को सर्व समाज की ओर से शांति मार्च निकाला गया, जिसमें हिन्दू और मुस्लिम सहित विभिन्न समाज के धार्मिक नेता शामिल हुये।

वहीं, अजमेर दरगाह कमेटी ने मंगलवार को दरगाह की गरिमा को ठेस पहुंचाने वाले किसी भी तरह के भाषण, नारे, तस्वीर या वीडियो पर रोक लगाने की अपील की है।

अजमेर जिला कलेक्टर अंशदीप ने कहा कि शहर में सांप्रदायिक सौहार्द्र को मजबूत करने के लिये धार्मिक नेताओं की ओर से इसकी पहल की गई। उन्होंने बताया कि ‘‘मार्च में विभिन्न समाज के 500 लोग शामिल हुये। यह शांति मार्च मंदिर चर्च, गुरुद्वारा, और दरगाह जैसे धार्मिक स्थानों से होकर निकाला गया जिसका लोगो ने स्वागत किया। ’’

उन्होंने बताया कि ढाई किलोमीटर की दूरी का मार्च सुभाष गार्डन से शुरू हुआ और गांधी सर्किल पर इसका समापन हुआ। उन्होंने बताया कि मार्च का मुख्य उद्देश्य सांप्रदायिक सौहार्द का संदेश फैलाना था।’’

मार्च में जिला कलेक्टर सहित जिला प्रशासन और पुलिस प्रशासन के अधिकारी मौजूद रहे। मार्च में शामिल लोगो के हाथों में तिरंगा झंडा और एक सर्वधर्म का बैनर था।

इस बीच, दरगाह कमेटी ने दरगाह के अंदर ऐसे किसी भी तरह के भाषण, नारे, तस्वीर, या वीडियो पर प्रतिबंध लगाने की अपील जारी की है, जिससे ख्वाजा गरीब नवाज की गरिमा को ठेस पहुंचती है।

उल्लेखनीय है कि अजमेर दरगाह में कुछ खादिमों (मौलवी) द्वारा कथित रूप से भड़काऊ और अभद्र वाले कुछ वीडियो हाल ही में उदयपुर में एक दर्जी की नृशंस हत्या के बाद सामने आये थे।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)

Share Now

\