जयपुर, 27 जून दक्षिण पश्चिम मानसून राजस्थान पहुंचने के बाद कमजोर पड़ता दिख रहा है और अगले तीन- चार दिन में राज्य में अधिक बारिश होने की उम्मीद नहीं है।
मौसम विभाग के प्रवक्ता के अनुसार, मानूसन के कम दबाव के क्षेत्र के उत्तर की ओर स्थानांतरित होने के कारण अगले चार- पांच दिन राज्य के बीकानेर व जोधपुर संभाग में ज्यादा बारिश होने की संभावना नहीं है। हालांकि, कहीं- कहीं हल्की बूंदाबांदी हो सकती है।
वहीं पूर्वी राजस्थान में आगामी तीन दिन में कहीं कहीं केवल हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। हालांकि इसके बाद 30 जून को मानसून फिर जोर पकड़ेगा और कोटा व उदयपुर में भारी बारिश का अनुमान है।
उल्लेखनीय है कि दक्षिण पश्चिम मानसून ने इस बार पूर्वानुमान से एक दिन पहले ही 24 जून को राज्य में दस्तक दी थी। वह तीन दिन में ही राज्य के सभी 33 जिलों को कवर कर गया, जबकि पूर्वानुमान यही था कि आठ जुलाई तक मानसून पूरे राज्य में फैलेगा।
यह भी पढ़े | भारत चीन तनाव पर शरद पवार बोले- 1962 याद रखें, राष्ट्रीय सुरक्षा के मुद्दे पर राजनीति ठीक नहीं.
इस बीच बीते चौबीस घंटे में राज्य के अनेक इलाकों में हल्की से मध्यम बारिश हुई। सबसे अधिक बारिश करौली के मासलपुर में 58.0 मिमी. दर्ज की गयी।
इसके अलावा सवाई माधोपुर के बोनली में पांच सेमी, कोटा के सांगोद में पांच सेमी, सीकर के फतेहपुर में चार सेंटीमीटर व चुरू के तारानगर में तीन सेंटीमीटर बारिश हुई है। झुंझुनूं, धौलपुर, जयपुर, भरतपुर, सवाई माधोपुर व अलवर व हनुमानगढ़ जिलों में कई जगह पर इस दौरान बारिश हुई।
बीकानेर में शनिवार का अधिकतम तापमान 41.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। इसके अलावा जैसलमेर में यह 41.4 डिग्री, गंगानगर में 41.0 डिग्री, बाड़मेर में 40.8 डिग्री व राजधानी जयपुर में 40.1 डिग्री सेल्सियस रहा।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)













QuickLY