देश की खबरें | राजस्थान : तेज बारिश से मकान ढहा, एक युवक की मौत

धौलपुर(राजस्थान), 20 जून धौलपुर जिले के मनियां कस्बे में मंगलवार तड़के हुई तेज बारिश से एक मकान ढह गया जिसकी चपेट में आकर एक युवक की मौत हो गई जबकि चार अन्य घायल हो गये।

पुलिस ने बताया कि घायलों को उपचार के लिए धौलपुर के जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

हादसे की जानकारी मिलने पर राजाखेड़ा विधायक रोहित बोहरा मनियां पहुंचे तथा पीड़ित परिवार से मुलाकात कर आवश्यक सामान के लिए अपनी ओर से 21 हजार रुपये की नगद आर्थिक सहायता उपलब्ध कराई।

पुलिस के अनुसार मंगलवार तड़के मनियां कस्बे में पुलिस थाने के पास स्थित हरिजन बस्ती में एक मकान भरभरा कर गिर गया। इस हादसे में अनिल (26) की मौके पर ही मौत हो गई जबकि उसकी पत्नी रूपा (24), बहनोई मंकी (20), रेशमा (20) और भतीजी परी (6) गंभीर रूप से घायल हो गए।

पुलिस के मुताबिक बचाव कर्मियों ने शव को निकालकर पोस्टमार्टम के लिये भिजवाया और घायलों को उपचार के लिये जिला अस्पताल में भर्ती कराया है।

मौसम विभाग के अनुसार मंगलवार सुबह आठ बजे तक धौलपुर में 188 मिलीमीटर (मिमी) बारिश दर्ज की गई है।इसी प्रकार मनियां में 31 मिमी, सैपऊ में 62 मिमी, राजाखेड़ा में 25 मिमी, बाड़ी में 95 मिमी, बसेड़ी में 66 मिमी एवं सरमथुरा में 65मिमी बारिश दर्ज की गई।

अधिकारियों ने बताया कि तेज बारिश की वजह से धौलपुर शहर में बीती रात बिजली की आपूर्ति बाधित हो गई थी जिसे मंगलवार सुबह आठ घंटे के करीब बहाल किया जा सका।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)