जयपुर, 10 जुलाई कांग्रेस ने सोमवार को राजस्थान में संगठनात्मक नियुक्तियां कीं, जिसके तहत 21 उपाध्यक्ष बनाए गए हैं। साथ ही 25 जिलों में जिलाध्यक्ष भी नियुक्त कर दिए गए हैं।
प्रदेश पार्टी संगठन में 48 महासचिव व 122 सचिव की भी नियुक्त की गई है।
पार्टी के संगठन महासचिव के.सी. वेणुगोपाल ने इन नियुक्तियों की सूची जारी की। इसके अनुसार, कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने राजस्थान प्रदेश कांग्रेस समिति में विभिन्न पदाधिकारियों व कुछ जिलाध्यक्षों की नियुक्ति के प्रस्ताव को मंजूरी दी है।
सूची के अनुसार, सीताराम अग्रवाल को राजस्थान प्रदेश कांग्रेस समिति में कोषाध्यक्ष व ललित तूनवाल को महासचिव (संगठन) बनाया गया है।
इसी तरह 25 जिलों के जिलाध्यक्ष भी नियुक्त किए गए हैं। इनमें आर.आर. तिवारी को जयपुर शहर व विधायक गोपाल मीणा को जयपुर ग्रामीण का जिलाध्यक्ष नियुक्त किया गया है।
सूची जारी होने के बाद पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा ने ट्वीट किया, ‘‘एआईसीसी द्वारा राजस्थान प्रदेश कांग्रेस कमेटी के नवनियुक्त समस्त पदाधिकारियों को हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं। मुझे पूर्ण विश्वास है कि आप सभी कांग्रेस संगठन को अधिक सशक्त कर प्रदेश में नए कीर्तिमान स्थापित करेंगे।’’
उल्लेखनीय है कि राज्य में इस साल के आखिर में विधानसभा चुनाव होने हैं। कांग्रेस में यह संगठनात्मक नियुक्तियां लंबे समय से लंबित थीं।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)













QuickLY