देश की खबरें | राजस्थान : मुख्यमंत्री शर्मा ने आदिवासी हित विरोधी गतिविधियों पर चिंता जताई

Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने राजस्थान के वागड़ क्षेत्र में आदिवासी विरोधी गतिविधियों पर चिंता जाहिर करते हुये सोमवार को आदिवासी समाज से ऐसी गतिविधियों के प्रति सावधान किय ।

जयपुर, 11 नवंबर मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने राजस्थान के वागड़ क्षेत्र में आदिवासी विरोधी गतिविधियों पर चिंता जाहिर करते हुये सोमवार को आदिवासी समाज से ऐसी गतिविधियों के प्रति सावधान किय ।

मुख्यमंत्री ने डूंगरपुर जिले के चौरासी विधानसभा क्षेत्र में एक चुनावी रैली को संबोधित करते हुये कहा कि इस तरह की गतिविधियों में सरकारी कर्मचारियों की भी मिलीभगत है।

शर्मा ने कहा कि कुछ लोग आदिवासी भाई बहनों को बहला फुसलाकर के गलत रास्ते पर ले जाना चाहते हैं।

उन्होंने किसी का नाम लिये बगैर कहा, 'आदिवासी हितों के विरोधी लोगों की गतिविधियां हमसे छुपी नहीं है। हमें पता है कि यहां से योजना बनाकर लोगों को दूसरे स्थान पर भेजा जाता है और वहां से 'ब्रेनवाश' कर वापस लाया जाता है।'

शर्मा ने आदिवासी विरोधी गतिविधियों में कथित तौर पर शामिल सरकारी कर्मचारियों को चेताते हुये कहा, ‘‘मेरा सीसीटीवी कैमरा सभी जगह लगा हुआ है जो मेरे आदिवासी भाइयों तथा युवाओं को बरगलाने का काम करेगा और सरकार से तनख्वाह भी लेगा, तो ये मैं नहीं होने दूंगा।’’

उन्होंने मौजूद लोगों से कहा, 'आप संभलिए, ये वो लोग हैं जो सरकारी नौकरी भी कर रहे हैं और आपके बच्चों को दूसरे स्थानों पर भेजने का काम कर रहे हैं। ऐसे लोगों से सावधान रहने की आवश्यकता है। क्योंकि इनको पता है कि अगर आदिवासी भाइयों के बेटे बेटियां पढ़ जाएंगी तो इनको कोई पूछने वाला नहीं है। ये भावनाओं को भड़का कर अपना काम सीधा करना चाहते हैं।'

मुख्यमंत्री ने कहा कि आदिवासी समाज के लिए हमारी सरकार और हमने हमेशा से काम किया है। वागड़ क्षेत्र में आदिवासी बहुल डूंगरपुर और बांसवाड़ा जिले आते हैं।

मुख्यमंत्री ने डूंगरपुर के सांसद राजकुमार रोत और उनकी पार्टी भारत आदिवासी पार्टी के अन्य नेताओं पर भी निशाना साधते हुए कहा कि उन्हें क्षेत्र के विकास की कोई चिंता नहीं है।

शर्मा ने कहा, 'भाजपा की सरकार राजस्थान के विकास के लिए प्रतिबद्ध है इसलिए हमने सरकार बनते ही हरेक क्षेत्र में प्रभावी तरीके से काम किया है।'

उन्होंने कहा ,'हमने युवाओं से कहा है कि आप मेहनत करिए आपको रोजगार मिलेगा। हमने पांच साल में चार लाख सरकारी नौकरियों को वादा किया है और अपने कार्यकाल के पहले साल में हमने एक लाख नौकरियों का वादा किया है। अभी हमने कैबिनेट में 90 हजार रिक्तियों को मंजूरी दी है।'

राज्य में खाली पदों को लेकर उन्होंने पूर्ववर्ती कांग्रेस सरकार पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि राज्य में चतुर्थ श्रेणी, सफाई कर्मी व चालकों के हजारों पद खाली हैं। लेकिन ये पद इन्हीं 11 महीने में खाली हो गए।

शर्मा ने कहा, 'अगर वे छह साल पहले हमारे युवाओं को नौकरी दे देते तो इनका क्या जाता? ... क्योंकि इनकी नीयत में खोट थी।'

उन्होंने कहा, 'कांग्रेस ने हमेशा इसी तरह का काम किया है। उसने झूठ व लूट की राजनीति की है। उन्होंने भ्रष्टाचार की राजनीति की है। इसलिए वे किसान, मजदूर के बेटे को रोजगार नहीं देना चाहते थे।'

मुख्यमंत्री ने कहा कि 15 नवंबर को आदिवासी गौरव दिवस मनाने की घोषणा प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने की। हमारी सरकार भी हर इलाके में 15 नवंबर को आदिवासी गौरव दिवस मनाएगी।

राज्य की झुंझुनू, दौसा, देवली-उनियारा, खींवसर, चौरासी, सलूंबर और रामगढ़ विधानसभा सीट पर होने वाले उपचुनाव के लिए मतदान 13 नवंबर को होगा और 23 नवंबर को नतीजे घोषित किए जाएंगे।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)

Share Now

\