Rajasthan New CM Announcement: राजस्थान को आज मिल सकता है नया मुख्यमंत्री, शाम 4 बजे BJP विधायक दल की बैठक में हो सकता नाम का ऐलान
भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के नवनिर्वाचित विधायकों की बैठक मंगलवार शाम चार बजे होगी जिसमें आगामी मुख्यमंत्री के नाम पर फैसला हो सकता है. बैठक में पार्टी पर्यवेक्षक राजनाथ सिंह भी भाग लेंगे. भाजपा के प्रदेश महामंत्री और विधायक भजनलाल शर्मा ने कहा कि भाजपा विधायक दल की बैठक पार्टी के प्रदेश कार्यालय में बुलाई गई है.
जयपुर, 12 दिसंबर : भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के नवनिर्वाचित विधायकों की बैठक मंगलवार शाम चार बजे होगी जिसमें आगामी मुख्यमंत्री के नाम पर फैसला हो सकता है. बैठक में पार्टी पर्यवेक्षक राजनाथ सिंह भी भाग लेंगे. भाजपा के प्रदेश महामंत्री और विधायक भजनलाल शर्मा ने कहा कि भाजपा विधायक दल की बैठक पार्टी के प्रदेश कार्यालय में बुलाई गई है. इसके लिए दोपहर डेढ़ बजे से पार्टी के सभी नवनिर्वाचित विधायकों का पंजीकरण शुरू होगा. सभी नव-निर्वाचित विधायकों को अनिवार्य रूप से विधायक दल की बैठक में उपस्थित रहने के निर्देश दिये गये हैं. बैठक में पार्टी के पर्यवेक्षक रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह, सह-पर्यवेक्षक राष्ट्रीय उपाध्यक्ष सरोज पाण्डेय और राष्ट्रीय महामंत्री विनोद तावड़े भी मौजूद रहेंगे. पूर्व मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे और केंद्रीय मंत्री अर्जुन राम मेघवाल, गजेंद्र सिंह शेखावत और अश्विनी वैष्णव राजस्थान में मुख्यमंत्री पद की दौड़ में सबसे आगे बताए जा रहे हैं. राजस्थान उन तीन राज्यों में से एक है जहां भाजपा ने हाल के चुनावों में जीत हासिल की है.
राज्य में 200 में से 199 सीट के लिए हुए चुनाव के परिणाम तीन दिसंबर को घोषित किए गए. भाजपा को 115 सीट पर जीत के साथ बहुमत मिला है. हाल के दिनों में कई भाजपा विधायकों ने पूर्व मुख्यमंत्री राजे से मुलाकात की है, जिसे उनके प्रति समर्थन के तौर पर देखा जा रहा है. इन अटकलों के बीच पार्टी इस बार चौंका सकती है. चुनाव हारने वाले राजेंद्र राठौड़ समेत पार्टी नेताओं ने कहा कि भाजपा में शक्ति प्रदर्शन की कोई परंपरा नहीं है. उन्होंने सोमवार को कहा कि विधायक शुभकामनाओं का आदान-प्रदान करने के लिए वरिष्ठ नेताओं से मिलने जाते हैं और इसे केवल उसी अर्थ में नहीं देखा जाना चाहिए. उन्होंने जोर देकर कहा कि राज्य में सभी भाजपा नेता एकजुट हैं. पार्टी के प्रदेश प्रभारी अरुण सिंह सोमवार को यहां पहुंचे. पार्टी मुख्यालय में पहुंचने पर उन्होंने मीडियाकर्मियों से कहा कि मंगलवार को केन्द्रीय पर्यवेक्षक राजनाथ सिंह जी यहां पर आ रहे हैं और उनके साथ दोनों सहपर्यवेक्षक भी आएंगे. आगे की जानकारी कल केन्द्रीय पर्यवेक्षक ही देंगे. यह भी पढ़ें : एनएमसी ने मानकों का पालन नहीं करने पर 50% मेडिकल कॉलेजों को भेजा कारण बताओ नोटिस, ये कॉलेज खो सकते हैं मान्यता: सूत्र
राजस्थान में मुख्यमंत्री पद पर किसी दलित चेहरे के बारे में पूछे गये सवाल पर उन्होंने कहा, ‘‘आप अनुमान मत लगाइये, सब आपके सामने आ जाएगा. केन्द्रीय पर्यवेक्षक आ रहे हैं. आगे की जानकारी केन्द्रीय पर्यवेक्षक ही आपको देंगे.’’ विधायक किरोड़ी लाल मीणा, वासुदेव देवनानी तथा जोगेश्वर गर्ग सहित अनेक विधायक सोमवार को यहां पार्टी के प्रदेश मुख्यालय में पहुंचे. कई विधायकों के पूर्व मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे से उनके आवास पर मुलाकात के बारे में पूछे जाने पर मीणा ने कहा कि चुनाव परिणाम आने के बाद 17 विधायकों ने उनसे भी मुलाकात की है, लेकिन इस तरह की गतिविधियां 'गोलबंदी' नहीं हैं. पार्टी के कई विधायकों ने पिछले हफ्ते सोमवार और मंगलवार को राजे से मुलाकात की थी. बाद में राजे दिल्ली गईं और पार्टी अध्यक्ष जेपी नड्डा से मुलाकात की. रविवार को यहां कुछ विधायकों ने फिर उनसे मुलाकात की.
(The above story first appeared on LatestLY on Dec 12, 2023 09:34 AM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).

