चंडीगढ़, नौ जुलाई पंजाब और हरियाणा के कई हिस्सों में रविवार को भारी बारिश हुई जिसकी वजह से निचले इलाकों में जल जमाव की स्थिति उत्पन्न हो गई और अधिकारियों को प्रभावित इलाकों में हरकत में आना पड़ा।
पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान ने कैबिनेट मंत्रियों, उपायुक्तों, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षकों (एसएसपी) और अन्य संबंधित अधिकारियों को प्रभावित इलाकों में जाने और लोगों की मदद करने के निर्देश दिए हैं।
मान ने पंजाबी में ट्वीट किया, ‘‘पंजाब में बीते दो दिनों से भारी बारिश हो रही है, जिससे निचले इलाकों में रहने वाले लोगों को मुश्किलों का सामना करना पड़ रहा है, खासतौर से नदी के किनारे बसे इलाकों में रह रहे लोगों को...।’’
उन्होंने कहा, ‘‘मैनें अपने सभी मंत्रियों, विधायकों, सभी जिलों के उपायुक्तों और एसएसपी को लोगों के बीच में जाने के निर्देश दिए हैं। ''
पंजाब के जल संसाधन मंत्री गुरमीत सिंह मीत हेयर ने बताया कि मान के निर्देशों का पालन करते हुए जल संसाधन विभाग ने भारी बारिश से पैदा होने वाली किसी भी अवांछित स्थिति से निपटने की तैयारी कर ली है।
हेयर ने कहा कि मुख्यालय स्तर पर बाढ़ नियंत्रण कक्ष स्थापित कर क्षेत्र में कर्मचारियों की तैनाती कर दी गयी है।
हरियाणा में अंबाला जिले से बहने वाली तीन नदियां मारकंडा, घग्गर और टांगरी खतरे के निशान के करीब बह रही हैं।अधिकारियों ने कहा कि अंबाला छावनी के पास टांगरी तट के करीब रहने वाले कई लोगों को सुरक्षित स्थानों पर जाने को कहा गया है।
अधिकारियों के मुताबिक, पंजाब में रोपड़ हेडवर्क्स से 1.45 लाख क्यूसेक पानी छोड़ा गया और बांध के फाटक खोल दिए गए हैं। सुखना झील के जलग्रहण क्षेत्रों में लगातार बारिश के कारण बांध के दो फाटक खोले गए हैं।।
घग्गर नदी और इसकी सहायक नदियों में रविवार को जलस्तर बढ़ गया।
मौसम विभाग के एक अधिकारी ने बताया कि हरियाणा के पंचकूला, यमुनानगर, अंबाला, करनाल, कुरुक्षेत्र और सोनीपत समेत कई क्षेत्रों में लगातार दूसरे दिन बारिश हुई जबकि पंजाब के फतेहगढ़ साहिब, मोहाली, रूपनगर और पटियाला में भी भारी बारिश हुई।
दोनों राज्यों में भारी बारिश से महत्वपूर्ण सड़कों पर यातायात प्रभावित रहा और उड़ानों में देरी हुई।
अधिकारियों के साथ स्थिति पर करीब से नजर रख रहीं पटियाला की उपायुक्त साक्षी साहनी ने रविवार को अराई माजरा में बड़ी नदी के किनारे बने घरों में रहने वाले लोगों को सुरक्षित स्थानों पर जाने का आदेश जारी किया।
पंजाब और हरियाणा में कुछ स्थानों पर घरों में पानी घुस गया, जिससे लोगों को परेशानी का सामना करना। हरियाणा के अंबाला में थोक कपड़ा बाजार की कई दुकानों में बारिश का पानी घुस गया।
पंजाब के डेराबस्सी में भारी बारिश के कारण एक बहुमंजिला आवासीय परिसर के भूतल में पानी भर गया, जिससे पार्किंग में मौजूद वाहन डूब गए। सड़क पर पानी भर जाने के कारण आधिकारियों ने परिसर के कुछ निवासियों को नावों की मदद से निकाला।
मोहाली में उपायुक्त आशिका जैन ने रविवार को एक बैठक बुलाई और डेराबस्सी और खरड़ उप-मंडलों का दौरा किया। उन्होंने अधिकारियों को पूर्ण व्यवस्था सुनिश्चित करने के लिए कहा।
जैन ने मोहाली में राहत कार्यों और जल निकासी गतिविधियों की समीक्षा के लिए उच्च स्तरीय बैठक की। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि वे आपात फोन कॉल पर विशेष रूप से ध्यान दें और ग्रामीण व शहरी इलाकों में सुचारु जल निकासी सुनिश्चित करें। उन्होंने घग्गर और सुखना चोए के किनारे रहने वाले लोगों से बढ़ते जल प्रवाह के को देखते हुए सतर्क रहने का आग्रह किया।
मोहाली के उपायुक्त ने कहा, ‘‘हमने त्वरित कार्रवाई करने के उद्देश्य से एहतियातन राष्ट्रीय आपदा मोचन बल (एनडीआरएफ) की छह टीम को शामिल किया है। उन्हें मोहाली और अन्य उप-मंडलों में तैनात किया जाएगा और एक को डेराबस्सी के घग्गर नदी तटबंध के तिवाना बिंदु पर तैनात किया जाएगा।’’
दोनों राज्यों की संयुक्त राजधानी चंडीगढ़ में भी लगातार दूसरे दिन भारी बारिश हुई।
मौसम विभाग के अनुसार रविवार सुबह साढ़े आठ बजे समाप्त हुए 24 घंटे के दौरान चंडीगढ़ में 302.2 मिलीमीटर बारिश हुई।
बारिश के बाद दोनों राज्यों और चंडीगढ़ में न्यूनतम तापमान में गिरावट दर्ज की गई।
मौसम विभाग ने पंजाब और हरियाणा के विभिन्न हिस्सों में बारिश का क्रम जारी रहने की संभावना जताई है।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)












QuickLY