ED Raid: कर्नाटक के गृह मंत्री परमेश्वर ने CM सिद्धरमैया से मुलाकात की
कर्नाटक के गृह मंत्री जी परमेश्वर ने उनसे जुड़े शैक्षणिक संस्थानों पर प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) की छापेमारी के बीच बृहस्पतिवार को यहां मुख्यमंत्री सिद्धरमैया से मुलाकात की. अभी यह पता नहीं चल पाया है कि परमेश्वर एवं सिद्धरमैया के बीच क्या बातचीत हुई.
बेंगलुरु, 22 मई : कर्नाटक के गृह मंत्री जी परमेश्वर ने उनसे जुड़े शैक्षणिक संस्थानों पर प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) की छापेमारी के बीच बृहस्पतिवार को यहां मुख्यमंत्री सिद्धरमैया से मुलाकात की. अभी यह पता नहीं चल पाया है कि परमेश्वर एवं सिद्धरमैया के बीच क्या बातचीत हुई. कांग्रेस सूत्रों ने बताया कि परमेश्वर ने मुख्यमंत्री को सोने की तस्करी संबंधी मामले के सिलसिले में छापेमारी की जानकारी दी. उन्होंने कहा, ‘‘उन्होंने मुख्यमंत्री को उन परिस्थितियों के बारे में भी बताया जिनमें छापेमारी की गई.’’
प्रवर्तन निदेशालय कथित वित्तीय अनियमितताओं की जांच कर रहा है और उसने धन शोधन निवारण अधिनियम (पीएमएलए) के तहत राज्य में 16 स्थानों पर छापेमारी की. यह छापेमारी उन हवाला संचालक और अन्य ऑपरेटर को निशाना बनाकर की गई जिन्होंने सोना तस्करी की आरोपी और कन्नड़ अभिनेत्री रान्या राव के खातों में कथित तौर पर फर्जी वित्तीय लेनदेन किए थे. निदेशालय ने जिन स्थानों पर छापेमारी की उनमें राज्य में परमेश्वर से जुड़े तीन शैक्षणिक संस्थान भी शामिल हैं. परमेश्वर के अनुसार, प्रवर्तन निदेशालय के अधिकारी ‘सिद्धार्थ इंस्टीट्यूट ऑफ टेक्नोलॉजी’ एवं ‘सिद्धार्थ मेडिकल कॉलेज’ सहित तीन संस्थानों और एक विश्वविद्यालय गए तथा उन्होंने पिछले पांच वर्ष के वित्तीय रिकॉर्ड मांगे. यह भी पढ़ें : कांग्रेस के बिना NDA को नहीं हराया जा सकता, बिहार का चुनाव राहुल गांधी के नेतृत्व में लड़ने की जरूरत; पप्पू यादव
छापेमारी के बाद डी के शिवकुमार, सतीश जारकीहोली और दिनेश गुंडू राव समेत कई मंत्री एवं सत्तारूढ़ पार्टी के विधायक अपना समर्थन जताने के लिए सदाशिवनगर स्थित परमेश्वर के आवास पहुंचे. शिवकुमार ने कहा, ‘‘हम सभी सार्वजनिक जीवन में हैं. कई लोग ट्रस्ट चलाते हैं. हो सकता है कि उन्होंने शादी के लिए पैसे उपहार में दिए हों. क्या परमेश्वर जैसे प्रभावशाली नेता तस्करी में लिप्त हो सकते हैं?’’ राव को दुबई से आने के बाद तीन मार्च को बेंगलुरु के केम्पेगौड़ा अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर गिरफ्तार किया गया था. राजस्व आसूचना निदेशालय (डीआरआई) अधिकारियों ने गुप्त सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए उन्हें हिरासत में लिया और 14.2 किलोग्राम वजनी सोने की छड़ें जब्त कीं जिनकी कीमत 12.56 करोड़ रुपये से अधिक थी. वह डीजीपी (पुलिस महानिदेशक) रैंक के अधिकारी के रामचंद्र राव की सौतेली बेटी हैं.
(The above story first appeared on LatestLY on May 22, 2025 02:16 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).

