एजेंसी न्यूज

देश की खबरें | राहुल गांधी विदेश में भारत की छवि खराब करने की कोशिश कर रहे हैं: राजनाथ सिंह

Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने कांग्रेस नेता राहुल गांधी पर निशाना साधते हुए शनिवार को आरोप लगाया कि लोकसभा में विपक्ष के नेता अपनी विदेश यात्राओं के दौरान देश की छवि खराब करने की कोशिश कर रहे हैं।

देश की खबरें | राहुल गांधी विदेश में भारत की छवि खराब करने की कोशिश कर रहे हैं: राजनाथ सिंह

चंडीगढ़, 28 सितंबर रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने कांग्रेस नेता राहुल गांधी पर निशाना साधते हुए शनिवार को आरोप लगाया कि लोकसभा में विपक्ष के नेता अपनी विदेश यात्राओं के दौरान देश की छवि खराब करने की कोशिश कर रहे हैं।

हरियाणा के बादली में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) उम्मीदवार ओ. पी. धनखड़ के पक्ष में एक रैली को संबोधित करते हुए सिंह ने कहा कि अटल बिहारी वाजपेयी और लालकृष्ण आडवाणी जैसे भाजपा के वरिष्ठ नेता भी विपक्ष के नेता रहे हैं लेकिन उन्होंने कभी भी दूसरे देशों में देश की प्रतिष्ठा को ठेस पहुंचाने का प्रयास नहीं किया।

केंद्रीय मंत्री सिंह अमेरिका में सिख समुदाय के बारे में गांधी की टिप्पणी का जिक्र कर रहे थे।

सिंह ने कहा, ‘‘राहुल गांधी दूसरे देशों में भारत की छवि खराब करने की कोशिश कर रहे हैं। वह (राहुल) कहते हैं कि सिख समुदाय के लोग देश में कड़ा नहीं पहन सकते।’’

उन्होंने पूछा, ‘‘वे देश की छवि खराब करने की कोशिश कर रहे हैं। क्या उनका समर्थन किया जाना चाहिए?’’

सिंह ने उपस्थित लोगों से पूछा कि क्या किसी भी ‘‘सिख भाई’’ पर ऐसा कोई प्रतिबंध है।

उन्होंने कहा, ‘‘हमने लंबे समय तक विपक्ष की भूमिका निभाई। अटल बिहारी वाजपेयी जी और लालकृष्ण आडवाणी जी विपक्ष के नेता रहे। वे विदेश भी गए लेकिन कांग्रेस के सत्ता में रहने के बावजूद उन्होंने कभी अंतरराष्ट्रीय मंचों पर देश की छवि को धूमिल नहीं किया।’’

गांधी ने अमेरिका की अपनी हाल की यात्रा के दौरान वाशिंगटन के वर्जीनिया उपनगर में हर्नडॉन में भारतीय अमेरिकी समुदाय के लोगों को संबोधित करते हुए कहा था, ‘‘सबसे पहले आपको यह समझना होगा कि लड़ाई किस बारे में है। लड़ाई राजनीति के बारे में नहीं है।’’

राहुल गांधी ने वहां पहली पंक्ति में दर्शकों के बीच बैठे एक सिख व्यक्ति से पूछा था, ‘‘मेरे पगड़ीधारी भाई आपका क्या नाम है।’’

कांग्रेस नेता ने कहा था, ‘‘लड़ाई इस बात की है कि क्या एक सिख को भारत में पगड़ी या कड़ा पहनने का अधिकार है या नहीं। या एक सिख के रूप में वह गुरुद्वारा जा सकते हैं या नहीं। लड़ाई इसी बात के लिए है और यह सिर्फ उनके लिए ही नहीं बल्कि सभी धर्मों के लिए है।’’

केंद्रीय मंत्री ने चुनावी वादे पूरे न कर पाने को लेकर कांग्रेस पर निशाना साधा।

उन्होंने कांग्रेस शासित हिमाचल प्रदेश का उदाहरण देते हुए दावा किया कि वहां सरकारी कर्मचारी अपने वेतन के लिए विरोध प्रदर्शन कर रहे हैं।

सिंह ने कहा, ‘‘आप पड़ोसी राज्य हिमाचल प्रदेश को देखिए। वहां कांग्रेस की सरकार बनने के बाद सरकारी कर्मचारियों को वेतन के लिए प्रदर्शन करना पड़ रहा है। मुख्यमंत्री और मंत्री वेतन छोड़ने का नाटक कर रहे हैं।’’

उन्होंने कहा कि कांग्रेस ने महिलाओं को 1500 रुपये प्रतिमाह देने का वादा किया था, लेकिन आज तक इस वादे को पूरा नहीं किया गया।

उन्होंने लोगों से पूछा, ‘‘क्या आप हरियाणा में भी ऐसी सरकार चाहते हैं?’’

कर्नाटक में कांग्रेस शासित सरकार पर निशाना साधते हुए सिंह ने कहा कि वहां के मुख्यमंत्री भ्रष्टाचार के गंभीर आरोपों का सामना कर रहे हैं।

उन्होंने कहा कि लोकायुक्त ने कर्नाटक के मुख्यमंत्री के खिलाफ भी प्राथमिकी दर्ज की है।

भाजपा पर ‘‘दलित विरोधी’’ होने का आरोप लगाने के लिए कांग्रेस पर निशाना साधते हुए सिंह ने कहा कि यदि कोई पार्टी ‘‘दलित विरोधी’’ है तो वह कांग्रेस है।

रक्षा मंत्री ने कांग्रेस पर अग्निपथ सैन्य भर्ती योजना के संबंध में दुष्प्रचार करने का आरोप लगाया।

उन्होंने कहा, ‘‘कांग्रेस अग्निवीर योजना को लेकर भ्रम फैला रही है। हरियाणा के हर अग्निवीर को नौकरी दी जाएगी।’’

उन्होंने पूछा, ‘‘वे देश के युवाओं को गुमराह क्यों कर रहे हैं?’’ उन्होंने दावा किया कि पिछले 10 वर्षों में हरियाणा में लगातार विकास हुआ है।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)

(The above story first appeared on LatestLY on Sep 28, 2024 09:56 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).