नीलगिरि (तमिलनाडु), 12 अगस्त कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने शनिवार को तमिलनाडु के नीलगिरि जिले में टोडा समुदाय के सदस्यों के साथ कुछ समय बिताया।
राहुल गांधी ने उनके साथ नृत्य किया और समुदाय के देवता के मंदिर में दर्शन किए।
‘मोदी उपनाम’ वाली टिप्पणी से संबंधित मानहानि के मामले में दोषसिद्धि पर उच्चतम न्यायालय द्वारा रोक लगाए जाने के बाद वायनाड के सांसद राहुल केरल में अपने निर्वाचन क्षेत्र की ओर जा रहे थे और इसी दौरान वह आदिवासी समुदाय के सदस्यों के साथ बातचीत करने के लिए यहां मुथुनाडुमांडू में रुके।
इस मौके पर टोडा समुदाय की महिलाओं ने कामना की कि राहुल गांधी प्रधानमंत्री के रूप में इस स्थान पर लौटें।
देश में अगले साल लोकसभा चुनाव होने हैं।
कोयंबटूर से सड़क मार्ग के जरिये यहां पहुंचने पर उन्हें एक पारंपरिक शॉल भेंट की गई। राहुल गांधी ने टोडा आदिवासियों के साथ नृत्य किया और उनके पारंपरिक भोजन का स्वाद भी चखा।
कांग्रेस नेता ने समुदाय के देवता के मंदिर का दौरा किया और वहां की पारंपरिक प्रथाओं के साक्षी बने।
बाद में राहुल गांधी ने पारंपरिक खेल ‘इलावट्टक्कल’ देखा, जिसमें युवा महिलाएं एक गोल पत्थर उठाने के लिए अपनी पूरी ताकत लगा देती हैं।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)













QuickLY