देश की खबरें | प्रशासन की अनुमति मिलने के बाद डीएनडी से हाथरस के लिए रवाना हुए राहुल और प्रियंका
एनडीआरएफ/प्रतीकात्मक तस्वीर (Photo Credits: ANI)

नोएडा/ नयी दिल्ली, तीन अक्टूबर कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी और महासचिव प्रियंका गांधी वाद्रा प्रशासन से अनुमति मिलने के बाद कथित सामूहिक बलात्कार घटना की पीड़िता के परिवार से मिलने के लिए शनिवार को डीएनडी से हाथरस रवाना हो गए।

सूत्रों के अनुसार, डीएनडी पर कांग्रेस के नेताओं और कार्यकर्ताओं के बड़ी संख्या में जमा होने के बाद प्रशासन ने राहुल गांधी समेत पांच लोगों को हाथरस जाने की अनुमति दी।

यह भी पढ़े | Bihar: लालू यादव के बड़े बेटे तेज प्रताप यादव की तबीयत बिगड़ने के बाद घर में बेहोश होकर गिरे, राबड़ी देवी और तेजस्वी यादव देखने पहुंचे.

इसके बाद राहुल गांधी, प्रियंका गांधी और कांग्रेस के कुछ अन्य नेता हाथरस के लिए रवाना हो गए।

इससे पहले राहुल और प्रियंका एक ही वाहन में डीएनडी तक पहुंचे थे और वाहन प्रियंका खुद चला रही थीं। दोनों नेताओं के साथ ही सांसदों का एक प्रतिनिधिमंडल भी डीएनडी पहुंचा था।

यह भी पढ़े | Hathras Gangrape Case: हाथरस पीड़िता के शव का बिना परिवार की अनुमति के अंतिम संस्कार करने पर DGP ने दिया यह जवाब.

राहुल गांधी और प्रियंका गांधी के हाथरस के लिए रवाना होने से पहले डीएनडी पर पुलिस ने कांग्रेस कार्यकर्ताओं को तितर-वितर करने के लिए हल्का लाठीचार्ज भी किया।

कांग्रेस के मुख्य प्रवक्ता रणदीप सुरजेवाला ने कहा कि प्रशासन की अनुमति मिलने के बाद राहुल गांधी और प्रियंका गांधी हाथरस के लिए रवाना हुए हैं।

हाथरस रवाना होने से कुछ देर पहले, राहुल ने कहा कि उन्हें इस दुखी परिवार से मिलने से दुनिया की कोई भी ताकत नहीं रोक सकती।

उन्होंने ट्वीट किया, ‘‘दुनिया की कोई भी ताक़त मुझे हाथरस के इस दुखी परिवार से मिलकर उनका दर्द बांटने से नहीं रोक सकती।’’

कांग्रेस नेता ने कहा, ‘‘इस प्यारी बच्ची और उसके परिवार के साथ उप्र सरकार और उसकी पुलिस द्वारा किया जा रहा व्यवहार मुझे स्वीकार नहीं। किसी भी हिन्दुस्तानी को यह स्वीकार नहीं करना चाहिए।’’

पार्टी के संगठन महासचिव केसी वेणुगोपाल के मुताबिक, राहुल गांधी के नेतृत्व में कांग्रेस के कई सांसद हाथरस जाएंगे और शोकाकुल परिवार से मुलाकात करेंगे।

इससे पहले, बृहस्पतिवार को पीड़िता के परिवार से मुलाकात के लिए राहुल और प्रियंका के उत्तर प्रदेश स्थित हाथरस जाते समय पुलिस ने दोनों नेताओं को रोक कर हिरासत में ले लिया था।

वहीं, कांग्रेस ने दावा किया कि राहुल और प्रियंका को उत्तर प्रदेश की पुलिस ने गिरफ्तार किया था।

गौरतलब है कि 14 सितम्बर को हाथरस में चार युवकों ने 19 वर्षीय दलित लड़की से कथित तौर पर सामूहिक बलात्कार किया था। मंगलवार सुबह दिल्ली के सफदरजंग अस्पताल में पीड़िता की मौत हो गई, जिसके बाद बुधवार तड़के उसके शव का अंतिम संस्कार कर दिया गया।

पीड़िता के परिजनों का आरोप है कि पुलिस ने उन्हें रात में ही अंतिम संस्कार करने के लिए बाध्य किया।

बहरहाल, स्थानीय पुलिस का कहना है कि ‘‘परिवार की इच्छा के मुताबिक’’ अंतिम संस्कार किया गया।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)