कोट्टयम (केरल), नौ अगस्त केरल में कोट्टयम जिले की पुथुपल्ली विधानसभा सीट के लिए उपचुनाव की घोषणा के बाद कांग्रेस ने बुधवार को घर-घर जाकर अपना चुनाव प्रचार अभियान शुरू किया।
कांग्रेस के उम्मीदवार चांडी ओमन ने प्रचार अभियान की शुरुआत करते हुए बुधवार को घरों और धार्मिक स्थलों पर जाकर लोगों से मुलाकात की।
निर्वाचन आयोग ने मंगलवार को कोट्टयम जिले में पुथुपल्ली सीट के लिए उपचुनाव पांच सितंबर को कराने की घोषणा की थी।
उपचुनाव की तारीख घोषित होने के कुछ घंटे बाद कांग्रेस ने राज्य के पूर्व मुख्यमंत्री ओमन चांडी के बेटे चांडी ओमन को अपना उम्मीदवार घोषित कर दिया।
ओमन चांडी ने लगातार 53 वर्षों तक केरल की पुथुपल्ली विधानसभा सीट का प्रतिनिधित्व किया।
कांग्रेस के दिग्गज नेता और पूर्व मुख्यमंत्री ओमन चांडी का 18 जुलाई को निधन होने के चलते पुथुपल्ली सीट खाली हुई थी और इस सीट के लिए उपचुनाव अनिवार्य हो गया था।
दलीय राजनीति से ऊपर उठकर ओमन चांडी की अपार लोकप्रियता पर भरोसा करते हुए कांग्रेस ने उनके बेटे को मैदान में उतारने का फैसला किया है।
युवा कांग्रेस के राष्ट्रीय संपर्क प्रकोष्ठ के अध्यक्ष चांडी ओमन (37) बीते कई वर्षों से सक्रिय रूप से पार्टी के कार्यक्रमों के साथ जुड़े रहे हैं।
चांडी ओमन ने यहां संवाददाताओं से कहा, ‘‘मेरे पिता ने अपना पूरा जीवन कांग्रेस पार्टी के लिए बिताया। कांग्रेस के साथ खड़े रहना मेरी जिम्मेदारी है। इस चुनाव में ओमन चांडी के प्रति लोगों का प्यार झलकेगा।’’
राज्य में सत्तारूढ़ वाम मोर्चा ने इस सीट के लिए अभी तक अपने उम्मीदवार की घोषणा नहीं की है।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)












QuickLY