देश की खबरें | पंजाब : राज्यपाल की नामंजूरी के बाद वांडेर ने विश्वविद्यालय के कुलपति पद से उम्मीदवारी वापस ली

लुधियाना, 13 अक्टूबर बाबा फरीद स्वास्थ्य विज्ञान विश्वविद्यालय के कुलपति की नियुक्ति के संबंध में राज्य सरकार का कदम राज्यपाल बनवारी लाल पुरोहित द्वारा नामंजूर किए जाने और तीन नामों की सूची मांगे जाने के बाद मशहूर हृदयरोग विशेषज्ञ डॉक्टर गुरप्रीत सिंह वांडेर ने अपनी उम्मीदवारी वापस ले ली है।

सूत्रों ने बताया कि वांडेर ने निजी कारणों का हवाला देते हुए कुलपति पद से अपनी उम्मीदवारी वापस ली है। ऐसी सूचना है कि उन्होंने अपने फैसले से मुख्यमंत्री कार्यालय को अवगत करा दिया है।

वांडेर द्वारा नाम वापस लिए जाने के बाद अब राज्य की भगवंत मान नीत आप (आम आदमी पार्टी) सरकार को फरीदकोट के बाबा फरीद स्वास्थ्य विज्ञान विश्वविद्यालय के कुलपति की नियुक्ति के लिए तीन नामों की सूची भेजनी होगी।

राज्यपाल पुरोहित ने वांडेर को कुलपति नियुक्त करने से जुड़ी फाइल मंगलवार को सरकार को लौटा दी थी।

गौरतलब है कि मुख्यमंत्री मान ने हाल ही में वांडेर की नियुक्ति की घोषणा की थी।

इस घटनाक्रम पर शिरोमणि अकाली दल के महासचिव विक्रम सिंह मजीठिया ने आरोप लगाया कि आप सरकार द्वारा नियुक्ति प्रक्रिया में गड़बड़ी किए जाने के कारण प्रतिष्ठित हृदयरोग विशेषज्ञ को शर्मिंदा होना पड़ा है और उन्हें कुलपति पद की उम्मीदवारी वापस लेने को मजबूर होना पड़ा है।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)