चंडीगढ़, 22 सितंबर आम आदमी पार्टी (आप) के विधायकों ने पंजाब विधानसभा का विशेष सत्र आहूत करने का फैसला वापस लिए जाने के विरोध में बृहस्पतिवार को ‘मार्च’ निकाला।
विधायक ‘‘ लोकतंत्र की हत्या बंद करो’’ तथा ‘‘ऑपरेशन लोटस मुर्दाबाद’’ जैसे नारे वाली तख्तियां हाथ में लिए हुए थे। पार्टी ने कांग्रेस तथा भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) पर एक साथ मिले होने तथा राज्य में विधानसभा का विशेष सत्र नहीं होने देने के लिए मिल कर काम करने का आरोप लगाया।
विधायकों को राज्यपाल के आवास की ओर बढ़ने से रोक दिया गया। पुलिस ने विधानसभा परिसर से एक किलोमीटर के दायरे में अवरोधक लगा दिए थे। प्रदर्शन कर रहे विधायक रोके जाने पर उसी स्थान पर बैठ गए और उन्होंने कांग्रेस तथा भाजपा के खिलाफ नारेबाजी की।
इस विरोध प्रदर्शन में राज्य का कोई मंत्री नहीं शामिल हुआ।
विधायकों ने राज्य विधानसभा का विशेष सत्र आहूत करने का फैसला राज्यपाल द्वारा वापस लिए जाने के लिए उनकी आलोचना की।
विधायक गुरुमीत सिंह खुदियान ने कहा, ‘‘ यह (विशेष सत्र नहीं बुलाना) सरासर अन्याय है। राज्य सरकार विधानसभा का सत्र बुला सकती है।’’
उन्होंने आरोप लगाया कि राज्यपाल ने ‘‘शीर्ष स्तर से निर्देश मिलने पर सत्र को रद्द करने का निर्णय लिया। भाजपा गलत कर रही है और लोकतंत्र खतरे में है।’’
मोगा से विधायक अमनदीप कौर ने ‘‘पीटीआई-’ से कहा कि पहले सत्र आहूत करने की अनुमति दी गई लेकिन बाद में राज्यपाल ने इसे रद्द कर दिया।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)












QuickLY