खेल की खबरें | पंजाब एफसी मानदंड पूरा करने के बाद आईएसएल की 12वीं टीम के तौर पर जुड़ी

मोहाली, दो अगस्त मौजूदा आई लीग चैम्पियन पंजाब एफसी ने बुधवार को इंडियन सुपर लीग (आईएसएल) के आगामी 2023-24 सत्र में शामिल होने की घोषणा की जिससे यह टूर्नामेंट 12 टीम का हो जायेगा।

क्लब ने आई लीग में खिताबी जीत के साथ आईसीएलएस प्रीमियर 1 लाइसेंस भी सफलतापूर्वक हासिल कर लिया जिससे उसे भारतीय फुटबॉल के शीर्ष टीयर में स्थान मिला।

इससे पंजाब एफसी आई लीग से आईएसएल में शामिल होने वाली भारत की पहली टीम बन गयी।

पंजाब एफसी ने आई लीग 2022-23 के पूरे सत्र में शानदार प्रदर्शन किया जिसमें उसने टूर्नामेंट में दबदबा बनाया और अंक तालिका में शीर्ष स्थान हासिल किया।

टीम ने बेहतरीन समर्पण और कौशल दिखाते हुए 16 मैच जीते, चार ड्रा खेले जबकि महज दो में उसे हार का सामना करना पड़ा। टीम ने कुल 45 गोल दागे।

क्लब के संस्थापक सन्नी सिंह ने कहा, ‘‘पंजाब एफसी का आईएसएल में शामिल होना हमारे खिलाड़ियों और स्टाफ की कड़ी मेहनत और दृढ़ता दर्शाता है। ’’

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)