देश की खबरें | पंजाब विधानसभा: प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष वडि़ंग को मार्शल ने सदन से बाहर निकाला
Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. पंजाब सरकार के बजट पर बुधवार को विधानसभा में चर्चा के दौरान बोलने के लिए और समय की मांग कर रहे प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष अमरिंदर सिंह राजा वडिंग के सदन से बाहर जाने से इनकार करने के बाद मार्शल उन्हें उठाकर बाहर ले गये।
चंडीगढ़, छह मार्च पंजाब सरकार के बजट पर बुधवार को विधानसभा में चर्चा के दौरान बोलने के लिए और समय की मांग कर रहे प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष अमरिंदर सिंह राजा वडिंग के सदन से बाहर जाने से इनकार करने के बाद मार्शल उन्हें उठाकर बाहर ले गये।
विपक्षी दल कांग्रेस के सदस्यों ने यह आरोप लगाते हुए विरोध किया कि विधानसभा अध्यक्ष कुलतार सिंह संधवान ने वडिंग को बोलने के लिए पर्याप्त समय नहीं दिया है। उसके बाद सदन में शोर-शराब होने लगा।
संधवान ने विधानसभा के बजट सत्र के तीसरे दिन बुधवार को सदन की कार्यवाही में बाधा डालने को लेकर अबोहर के विधायक संदीप जाखड़ को छोड़कर कांग्रेस विधायकों का ‘‘नाम’’ लिया और कार्यवाही 15 मिनट के लिए स्थगित कर दी।
सदन में तब विरोध प्रदर्शन होने लगा जब अध्यक्ष ने वडिंग से कहा कि उन्हें आवंटित समय खत्म हो चुका है और यह कि कांग्रेस को बजट पर चर्चा के लिए 28 मिनट दिये गये थे।
विपक्ष के नेता प्रताप सिंह बाजवा ने संधवान से चर्चा में बोलने के लिए वडिंग को और समय देने की मांग की लेकिन उनका अनुरोध नहीं माना गया।
सत्तापक्ष और विपक्षी कांग्रेस के सदस्यों के बीच तीखी नोकझोंक हुई तथा शोर-शराब के बीच सदन की कार्यवाही स्थगित कर दी गयी।
कांग्रेस सदस्यों के नाम लेने के बाद अध्यक्ष ने मार्शल को इन विधायकों को सदन से बाहर निकालने का आदेश दिया।
जब सदन की कार्यवाही फिर शुरू हुई तब गिद्दरबाहा के विधायक वडिंग ने सदन से जाने से जाने से इनकार कर दिया और वह फर्श पर बैठ गये। इस पर मार्शल उन्हें उठाकर सदन से बाहर ले गये।
अध्यक्ष ने कहा कि कांग्रेस पर बजट को चर्चा के लिए आवंटित समय से पांच मिनट अधिक दिया गया। मंगलवार को विधानसभा में बजट पेश किया गया था।
पंजाब में सत्तारूढ़ आम आदमी पार्टी और विपक्षी कांग्रेस अखिल भारतीय स्तर पर विपक्षी ‘इंडिया’ गठबंधन के घटक हैं लेकिन दोनों पंजाब में अकेले अपने बलबूते पर लोकसभा चुनाव लड़ रहे हैं। हालांकि वे दिल्ली, गुजरात, हरियाणा, चंडीगढ़ एवं गोवा में मिलकर चुनाव लड़ रहे हैं।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)