देश की खबरें | पंजाब प्रशासन को अजनाला प्रकरण को गंभीरता से लेना चाहिए : पूर्व पुलिस महानिदेशक
Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. पुलिस को अजनाला की घटना से निपटने के लिए बेहतर तरीके से तैयार रहना चाहिए था क्योंकि पंजाब ने ‘‘आतंकवाद के काले दिन’’ देखे हैं इसलिए प्रशासन को इसे गंभीरता से लेना चाहिए। राज्य के एक पूर्व पुलिस महानिदेशक (डीजीपी) ने शनिवार को यह बात कही है।
चंडीगढ़, 25 फरवरी पुलिस को अजनाला की घटना से निपटने के लिए बेहतर तरीके से तैयार रहना चाहिए था क्योंकि पंजाब ने ‘‘आतंकवाद के काले दिन’’ देखे हैं इसलिए प्रशासन को इसे गंभीरता से लेना चाहिए। राज्य के एक पूर्व पुलिस महानिदेशक (डीजीपी) ने शनिवार को यह बात कही है।
आतंकवाद के खिलाफ लड़ाई में अगुआ रहे पंजाब के पूर्व डीजीपी एस.एस. विर्क ने कहा, ‘‘भीड़ एकत्र करने वाली मानसिकता और इस तरह का खुला प्रदर्शन, लोकतंत्र और किसी भी राज्य की कानून व्यवस्था के लिए अच्छा संकेत नहीं है।’’
कट्टरपंथी उपदेशक अमृतपाल सिंह के समर्थकों द्वारा अजनाला में पुलिस थाने पर हमला करने के एक दिन बाद पंजाब के पुलिस महानिदेशक (डीजीपी) गौरव यादव ने शुक्रवार को कहा था कि प्रदर्शनकारियों ने पवित्र गुरु ग्रंथ साहिब को एक ढाल के रूप में इस्तेमाल किया था और पुलिसकर्मियों पर ‘कायरतापूर्ण’ तरीके से हमला किया था, जिसमें छह लोग घायल हो गए थे।
उपदेशक के समर्थकों ने बृहस्पतिवार को प्रदर्शन के दौरान बैरिकेड तोड़ दिये थे और अजनाला में पुलिस थाना परिसर में हंगामा किया था। इस दौरान कुछ समर्थकों के हाथों में तलवारें और बंदूकें थीं। समर्थक मांग कर रहे थे कि लवप्रीत सिंह उर्फ तूफान को रिहा किया जाए। अमृतपाल सिंह के सहयोगी लवप्रीत सिंह को शुक्रवार को जेल से रिहा कर दिया गया।
विर्क ने शनिवार को कहा कि ऐसी स्थिति से निपटने के लिए राज्य पुलिस को और अधिक तैयार रहना चाहिए था।
उन्होंने कहा, ‘‘कानून व्यवस्था से जुड़ी घटनाएं होती रहती हैं। लेकिन आपको हर घटना से सीखना होगा और अपनी कार्रवाई में सुधार करना होगा।’’
गौरतलब है कि महाराष्ट्र कैडर के आईपीएस अधिकारी विर्क को 1984 में आतंकवाद से प्रभावित पंजाब में प्रतिनियुक्ति पर लाया गया था।
पूर्व डीजीपी ने कहा, ‘‘हमें सुनिश्चित करना होगा कि हम काले दिनों को दोबारा वापस नहीं लौटने दें। सरकार को यह संदेश देना है।’’
उन्होंने कहा कि सरकार को यह रुख तय करना है कि वह कानून और व्यवस्था के उल्लंघन की अनुमति नहीं देगी।
विर्क ने कहा, ‘‘हमें यह सुनिश्चित करना होगा कि समय पर की गई कार्रवाई से स्थिति को बिगड़ने से रोका जा सके। आपको ऐसे मुद्दों को गंभीरता से लेना होगा और उनसे दृढ़ता एवं प्रभावी ढंग से निपटना होगा।’’
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)