एजेंसी न्यूज

Punjab: मोहाली की हाउसिंग सोसायटियों से 20 लोग हिरासत में लिए गए, हथियार, नकदी जब्त

पंजाब पुलिस ने बृहस्पतिवार को कहा कि उसने मोहाली जिले की तीन हाउसिंग सोसायटियों की घेराबंदी और तलाशी अभियान के दौरान 20 लोगों को हिरासत में लिया और सात हथियार तथा 21 लाख रुपये नकद बरामद किए.

Punjab: मोहाली की हाउसिंग सोसायटियों से 20 लोग हिरासत में लिए गए, हथियार, नकदी जब्त
प्रतिकात्मक तस्वीर (Photo Credits : Pixabay)

चंडीगढ़, 9 जून : पंजाब पुलिस (Punjab Police) ने बृहस्पतिवार को कहा कि उसने मोहाली जिले की तीन हाउसिंग सोसायटियों की घेराबंदी और तलाशी अभियान के दौरान 20 लोगों को हिरासत में लिया और सात हथियार तथा 21 लाख रुपये नकद बरामद किए. पुलिस ने बताया कि लोगों के बीच सुरक्षा की भावना पैदा करने के लिए यह अभियान चलाया गया था. रोपड़ रेंज के पुलिस उपमहानिरीक्षक गुरप्रीत सिंह भुल्लर के नेतृत्व में यह अभियान मोहाली, फतेहगढ़ साहिब और रूपनगर तीन जिलों में चलाया गया.

पुलिस ने बताया कि मोहाली की तीन हाउसिंग सोसायटी... मोहाली इडन कोर्ट, जलवायु विहार और होमलैंड में अभियान के दौरान पुलिस की टीमों ने कम से कम 20 लोगों को संदेह के आधार पर हिरासत में लिया है. पुलिस ने बताया कि 10 वाहन, 18 ग्राम अफीम, सात हथियार और 21 लाख रुपये नकद जब्त किए गए हैं. आयकर विभाग को नकदी मिलने की सूचना दे दी गई है. यह भी पढ़ें : हिजबुल मुजाहिदीन के आतंकवादी गिरफ्तारी मामले में कर्नाटक पुलिस ने जांच तेज की

डीआईजी भुल्लर ने बताया कि पुलिस को पुष्ट सूत्रों से सूचना मिली थी कि वहां किराएदार बिना सत्यापन के रह रहे हैं और उनमें से कुछ ने तो किराए के मकान को दूसरे व्यक्ति को किराए पर दे दिया है. उन्होंने बताया कि प्रत्येक सोसायटी की घेराबंदी करके तलाशी ली गई. उन्होंने बताया कि शुरुआत में तीन सोसायटियों में यह अभियान चलाया गया है, लेकिन यह जारी रहेगा. डीआईजी ने कहा कि आरडब्ल्यूए ने भी पंजाब पुलिस के इस प्रयास की सराहना की है.

(The above story first appeared on LatestLY on Jun 09, 2022 05:25 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).