पुणे, सात मई पुणे पुलिस की एक टीम ने शनिवार को मुंबई पहुंचकर फोन टैपिंग मामले में महाराष्ट्र कांग्रेस अध्यक्ष नाना पटोले का बयान दर्ज किया। एक वरिष्ठ अधिकारी ने यह जानकारी दी।
कथित अवैध फोन टैपिंग से संबंधित एक मामला फरवरी में यहां बंड गार्डन पुलिस थाने में दर्ज किया गया था।
पुलिस उपायुक्त श्रीनिवास घाडगे ने इसकी पुष्टि करते हुए कहा, ''टीम फोन टैपिंग मामले में नाना पटोले का बयान लेने के लिए मुंबई गई थी।''
बयान दर्ज कराने के बाद में मुंबई में पत्रकारों से बात करते हुए कांग्रेस नेता पटोले ने कहा कि अवैध फोन टैपिंग प्रकरण के मास्टरमाइंड को बेनकाब किया जाना चाहिए।
पटोले ने कहा कि राजनीतिक प्रतिशोध के तहत अवैध रूप से फोन टैप किए गए और 'मामले के असली मास्टरमाइंड का पर्दाफाश किया जाना चाहिए।''
उन्होंने कहा, ''आज, मैंने पुणे पुलिस के समक्ष अपना बयान दर्ज कराया, जिसने मुझे एक फोन रिकॉर्डिंग सुनाई। आवाज मेरी थी। रिकॉर्डिंग में किसानों के विरोध प्रदर्शन और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की किसान विरोधी नीतियों के बारे में मेरे विचार थे।''
कांग्रेस नेता ने कहा कि पुलिस के आरोपपत्र के अनुसार उनका फोन यह समझकर टैप किया गया था कि यह कथित मादक पदार्थ तस्कर अमजद खान से संबंधित है। उन्होंने कहा कि उनके पास केवल यही फोन नंबर है।
इस संबंध में एक जांच रिपोर्ट के आधार पर भारतीय टेलीग्राफ अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया गया है, जिसमें कहा गया है कि जब आईपीएस अधिकारी रश्मि शुक्ला पुणे पुलिस आयुक्त थीं, तब कथित तौर पर अवैध रूप से फोन टैप किए गए थे।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)













QuickLY