देश की खबरें | पुडुचेरी के मुख्यमंत्री ने रसोई गैस की कीमत में 200 रुपये कटौती करने के फैसले की सराहना की

पुडुचेरी, 30 अगस्त पुडुचेरी के मुख्यमंत्री एन रंगासामी ने रसोई गैस (एलपीजी) सिलेंडर की कीमत 200 रुपये घटाने के केंद्र के ऐलान की बुधवार को सराहना की और कहा कि यह गरीबों के कल्याण को बेहतर करने के प्रति प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की चिंता को दर्शाता है।

एआईएनआरसी-भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) गठबंधन सरकार का नेतृत्व कर रहे रंगासामी ने कहा, ‘‘रसोई गैस सिलेंडर की कीमत कम करने की घोषणा लोगों के लिए ओणम और रक्षा बंधन का उपहार है।’’

उन्होंने कहा कि पुडुचेरी सरकार पहले से ही केंद्र शासित प्रदेश में गरीबी रेखा से नीचे की श्रेणी में रहने वाले और लाल कार्ड धारक एलपीजी सिलेंडर के लिए 300 रुपये की सब्सिडी की पेशकश कर रही है।

पीले रंग के राशन कार्ड रखने वाले एपीएल (गरीबी रेखा से ऊपर) श्रेणी के तहत आने वाले परिवारों को यहां प्रति सिलेंडर 150 रुपये की सब्सिडी मिल रही थी और केंद्र द्वारा घोषित एलपीजी सिलेंडर की कीमत में मौजूदा कटौती से लोगों पर बोझ और कम हो जाएगा।

उन्होंने कहा, ‘‘मैं अपनी और केंद्रशासित प्रदेश पुडुचेरी के लोगों की ओर से केंद्र के फैसले का स्वागत करता हूं।''

उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री लोगों की चिंताओं को दूर कर रहे हैं और विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं के माध्यम से उनके कल्याण को बेहतर कर रहे हैं।

केंद्र सरकार ने मंगलवार को रसोई गैस की कीमतों में 200 रुपये प्रति सिलेंडर की कटौती की घोषणा की थी।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)