देश की खबरें | लोक लेखा समिति ने पड़ताल के लिए 200 से अधिक विषयों का चयन किया
Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. संसद की प्रमुख समितियों में से एक- लोक लेखा समिति (पीएसी) ने पड़ताल के लिए 200 से अधिक विषयों का चयन किया है, जिनमें सीमा सड़क संगठन द्वारा भारत-चीन सीमा पर सड़कों का निर्माण, कृषि फसल बीमा योजना और भारतीय नौसेना के पोतों और पनडुब्बियों से जुड़ी दुर्घटनाएं शामिल हैं।
नयी दिल्ली, 24 मई संसद की प्रमुख समितियों में से एक- लोक लेखा समिति (पीएसी) ने पड़ताल के लिए 200 से अधिक विषयों का चयन किया है, जिनमें सीमा सड़क संगठन द्वारा भारत-चीन सीमा पर सड़कों का निर्माण, कृषि फसल बीमा योजना और भारतीय नौसेना के पोतों और पनडुब्बियों से जुड़ी दुर्घटनाएं शामिल हैं।
पीएसी के कार्यों में, व्यय के लिए संसद द्वारा केंद्र को दी गई राशि के विनियोग को दर्शाने वाले खातों की जांच, सरकार के वार्षिक वित्त खातों की पड़ताल में शामिल है।
समिति का एक अहम कार्य यह सुनिश्चित करना भी है कि सरकार संसद द्वारा दी गई राशि को "मांग के दायरे में" ही खर्च करे।
एक आधिकारिक बयान के अनुसार, कांग्रेस के अधीर रंजन चौधरी की अध्यक्षता वाली पीएसी ने मौजूदा वर्ष के दौरान केंद्र सरकार के विभिन्न मंत्रालयों और विभागों से संबंधित कई ऑडिट रिपोर्टों के आधार पर 207 विषयों का चयन किया है।
समिति द्वारा चुने गए अन्य विषयों में सार्वजनिक क्षेत्र के बैंकों के पुनर्पूंजीकरण और रेलवे में यात्री कोचों में जैव-शौचालय लगाने के संबंध में कार्य निष्पादन अंकेक्षण रिपोर्ट शामिल है।
इस बीच, लोकसभा द्वारा जारी एक बुलेटिन के अनुसार, भारतीय जनता पार्टी के संतोष गंगवार की अध्यक्षता वाली सार्वजनिक उपक्रमों की समिति ने न्यूक्लियर पावर कॉरपोरेशन ऑफ इंडिया लिमिटेड (एनपीसीआईएल), भारत संचार निगम लिमिटेड (बीएसएनएल), दिल्ली पुलिस हाउसिंग कॉरपोरेशन लिमिटेड (डीपीएचसीएल) और ऑयल इंडिया लिमिटेड को "व्यापक पड़ताल" वाले विषयों के रूप में चुना है।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)