देश की खबरें | परीक्षा में कदाचार का वादा : यूएसटीएम के कुलाधिपति न्यायिक हिरासत में भेजे गए

गुवाहाटी, 23 फरवरी मेघालय स्थित विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय (यूएसटीएम) के कुलाधिपति महबाबुल हक को असम के श्रीभूमि जिले की एक स्थानीय अदालत ने 14 दिनों की न्यायिक हिरासत में भेज दिया है।

हक को विद्यार्थियों को परीक्षा में अनुचित साधनों का इस्तेमाल करने की अनुमति देने का वादा करने के आरोप में गिरफ्तार किया गया था।

इस मामले में पेश हुए वकीलों ने बताया कि हक और जिले के पथरकंडी स्थित एक स्कूल के पांच शिक्षकों को स्थानीय अदालत ने शनिवार देर रात सुनवाई के बाद 14 दिनों की न्यायिक हिरासत में भेज दिया।

यूएसटीएम के कुलाधिपति ईआरडी फाउंडेशन भी चलाते हैं। ईआरडी फाउंडेशन पथरकंडी में एक स्कूल सहित विभिन्न शैक्षणिक संस्थानों का संचालन करता है। हक को शनिवार तड़के उनके गुवाहाटी आवास से गिरफ्तार करने के बाद श्रीभूमि ले जाया गया था।

स्कूल के पांच शिक्षकों को शुक्रवार को यह आरोप सामने आने के बाद गिरफ्तार कर लिया गया कि दूसरे जिलों के छात्र ‘उच्च अंक लाने के लिए अनुचित साधनों का इस्तेमाल करने का आश्वासन’’ मिलने के बाद वहां कक्षा-12 की सीबीएसई बोर्ड की परीक्षा दे रहे थे।

एक वकील ने कहा, ‘‘पुलिस ने आरोपियों को सात दिनों के लिए हिरासत में सौंपने की मांग की थी। लेकिन अदालत ने आरोपियों को न्यायिक हिरासत में भेजने का आदेश दिया, लेकिन जरूरत पड़ने पर पुलिस उनसे जेल में पूछताछ कर सकती है।’’

हक पिछले वर्ष भी अपने ओबीसी प्रमाण पत्र को लेकर विवाद में फंसे थे, जिसे उन्होंने 1990 के दशक में श्रीभूमि जिले में कथित तौर पर ‘धोखाधड़ी’ से हासिल किया था।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)