एजेंसी न्यूज

देश की खबरें | बिहार विधानमंडल के दोनों सदनों की कार्यवाही अनिश्चित काल के लिए स्थगित

Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. बिहार विधानमंडल के दोनों सदनों की कार्यवाही बृहस्पतिवार को एक महीने से अधिक समय का बजट सत्र समाप्त होने के बाद अनिश्चित काल के लिए स्थगित कर दी गई।

देश की खबरें | बिहार विधानमंडल के दोनों सदनों की कार्यवाही अनिश्चित काल के लिए स्थगित

पटना, 31 मार्च बिहार विधानमंडल के दोनों सदनों की कार्यवाही बृहस्पतिवार को एक महीने से अधिक समय का बजट सत्र समाप्त होने के बाद अनिश्चित काल के लिए स्थगित कर दी गई।

बिहार विधानसभा अध्यक्ष विजय कुमार सिन्हा ने बजट सत्र के अंतिम दिन के भोजनावकाश के बाद के सत्र में निजी सदस्यों के प्रस्ताव को लेने के उपरांत सदन की कार्यवाही अनिश्चित काल तक के लिए स्थगित किए जाने की घोषणा की।

25 फरवरी से शुरू इस बजटीय सत्र के दौरान बिहार विधानसभा की कुल 22 बैठकें हुई और इस दौरान राज्य सरकार के अगले वित्त वर्ष के लिए 237691.19 करोड़ रुपये के बजट को पारित किया गया।

विधानमंडल के इस सत्र के दौरान दोनों सदनों में बिहार मद्य निषेध और उत्पाद संशोधन विधेयक 2022, जिसके जरिए राज्य में पहली बार शराबबंदी को कम सख्त बनाया गया है, सहित ग्यारह विधेयक भी पारित किए गए।

विधानमंडल द्वारा इस सत्र के दौरान पारित किए गए अन्य विधेयकों में बिहार विनियोग विधेयक 2022, बिहार कराधान विधि:समय-सीमा प्रावधानों का शिथिलीकरण विधेयक 2022, बिहार शहरी आयोजना तथा विकास संशोधन विधेयक 2022, बिहार राज्य विश्वविद्यालय सेवा आयोग संशोधन विधेयक 2022, बिहार कृषि विश्वविद्यालय संशोधन विधेयक 2022, बिहार ईख (आपूर्त्ति एवं खरीद का विनियमन) संशोधन विधेयक 2022, बिहार विनियोग (संख्या 2) विधेयक 2022, बिहार पुलिस संशोधन विधेयक 2022, बिहार राजकोषीय उत्तरदायित्व एवं बजट प्रबंधन संशोधन विधेयक 2022 और बिहार नगरपालिका संशोधन विधेयक 2022 शामिल हैं।

बिहार विधानसभा ने निर्वाचित सदस्यों के संवैधानिक अधिकारों और जिम्मेदारियों, शिक्षा और स्वास्थ्य क्षेत्रों से संबंधित मुद्दों जैसे मुद्दों पर भी चर्चा की। राज्य में ‘बढ़ते अपराध और बिगड़ती कानून व्यवस्था’ की स्थिति पर सत्तापक्ष और विपक्ष के बीच विवाद हुआ। सत्र के दौरान कैग की रिपोर्ट भी दोनों सदनों में पेश की गई।

सत्र के दौरान दोनों सदनों द्वारा विभिन्न विभागों के आर्थिक सर्वेक्षण और परिणाम बजट और बजटीय मांगों पर भी चर्चा की गई और उन्हें पारित किया गया।

बजट सत्र में लखीसराय की घटना को लेकर सदन में मुख्यमंत्री नीतीश कुमार और अध्यक्ष विजय सिन्हा के बीच तीखी नोक-झोंक भी हुई। लखीसराय विधानसभा अध्यक्ष का अपना विधानसभा क्षेत्र है।

विधानसभा को अनिश्चित काल के लिए स्थगित करने से पहले अध्यक्ष ने सदन को सूचित किया कि विधानसभा सचिवालय को प्राप्त 5460 प्रश्नों में से 4693 प्रश्न उत्तर के लिए स्वीकार किए गए थे।

उन्होंने आगे कहा, ‘‘राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद अक्टूबर में बिहार विधानसभा के शताब्दी समारोह में शामिल हुए थे, अब हम समारोह के समापन समारोह के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को आमंत्रित करना चाहते हैं।’’

बिहार विधान परिषद्‌ के 200वें सत्र के आज समापन के पूर्व कार्यकारी सभापति अवधेश नारायण सिंह ने बताया कि इस सत्र के लिए कुल 1030 प्रश्नों की सूचनाएं प्राप्त हुईं जिनमें से 922 प्रश्नों को स्वीकृत किया गया। कुल 434 प्रश्न उत्तरित हुए। उन्होंने वर्तमान सत्र के लंबित प्रश्नों को आगामी सत्र में सदन की मेज पर रखने के लिए सरकार से अनुशंसा की है।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)

(The above story first appeared on LatestLY on Mar 31, 2022 10:13 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).