देश की खबरें | संभावित तीसरी लहर में दूसरी लहर के मुकाबले रोजाना डेढ़ गुणा अधिक मामले होंगे : ओडिशा सरकार
Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. ओडिशा सरकार के मुताबिक राज्य में कोविड-19 महामारी की संभावित तीसरी लहर के दौरान संक्रमण के दैनिक मामलों की संख्या दूसरी लहर के मुकाबले डेढ़ गुणा अधिक हो सकती है।
भुवनेश्वर, 26 अगस्त ओडिशा सरकार के मुताबिक राज्य में कोविड-19 महामारी की संभावित तीसरी लहर के दौरान संक्रमण के दैनिक मामलों की संख्या दूसरी लहर के मुकाबले डेढ़ गुणा अधिक हो सकती है।
सरकार के अनुमान के मुताबिक तीसरी लहर में कोरोना वायरस से संक्रमित होने वालों में 12 प्रतिशत 18 साल से कम आयुवर्ग के बच्चे और किशोर होंगे। तीसरी लहर करीब 75 दिनों तक अपना प्रकोप दिखा सकती है।
तीसरी लहर के दौरान राज्य में कुल 7.66 लाख लोगों के संक्रमित होने की आशंका है। ओडिशा में दूसरी लहर के दौरान एक अप्रैल से 15 जून की अवधि के दौरान 5.22 लाख लोग संक्रमित हुए थे। दूसरी लहर के दौरान 22 मई को एक दिन में राज्य में सर्वाधिक 12,852 नये मामले सामने आए थे जबकि तीसरी लहर में यह संख्या 19,278 हो सकती है।
स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण विभाग के अतिरिक्त मुख्य सचिव पी के महापात्र ने सभी जिलाधिकारियों को संभावित तीसरी लहर से निपटने के लिए आपातकालीन कोविड प्रतिक्रिया योजना (ईसीआरपी) को मंजूरी देने के संबंध में पत्र लिखा है।
ओडिशा में बृहस्पतिवार को कोविड-19 के 849 नये मामले सामने आए जबकि 66 मरीजों की मौत हुई।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)