देश की खबरें | जी20 शिखर सम्मेलन से पहले दिल्ली मेट्रो के स्टेशनों पर खालिस्तान समर्थक संदेश लिखे मिले

नयी दिल्ली, 27 अगस्त राष्ट्रीय राजधानी में अगले महीने होने वाले जी20 शिखर सम्मेलन से पहले दिल्ली मेट्रो के कम से कम पांच स्टेशनों पर खालिस्तान समर्थक संदेश लिखे पाये गए हैं। अधिकारियों ने रविवार को यह जानकारी दी।

पुलिस के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि अज्ञात लोगों ने मेट्रो स्टेशनों की दीवारों पर ‘‘दिल्ली बनेगा खालिस्तान’’ और ‘‘खालिस्तान जिंदाबाद’’ लिख दिया।

पुलिस सूत्रों ने इन मेट्रो स्टेशनों की पहचान...शिवाजी पार्क, मादीपुर, पश्चिम विहार, उद्योग नगर और महाराजा सूरजमल स्टेडियम के रूप में की है। नांगलोई में एक सरकारी स्कूल की दीवार पर भी ऐसा लिखा मिला।

अधिकारी ने बताया कि इस सिलसिले में कानूनी कार्रवाई की जा रही है। उन्होंने बताया कि दोषियों की पहचान करने के लिए पांचों मेट्रो स्टेशनों के आसपास के इलाकों में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाले जा रहे हैं।

प्रतिबंधित संगठन सिख फॉर जस्टिस (एसएफजे) द्वारा एक कथित वीडियो जारी किया गया था, जिसमें मेट्रो स्टेशनों की दीवारों पर लिखे ये संदेश प्रदर्शित किये गए थे।

एसएफजे के प्रवक्ता गुरपतवंत सिंह पन्नून ने वीडियो में कहा है,‘‘जी20 देश, जब आप 10 सितंबर को दिल्ली में मिलेंगे, तब हम कनाडा में खालिस्तान जनमत संग्रह करा रहे होंगे।’’

दिल्ली मेट्रो रेल कॉर्पोरेशन (डीएमआरसी) ने कहा कि मुद्दे की सूचना संबंधित कानून प्रवर्तन एजेंसियों को दे दी गई है।

डीएमआरसी के प्रधान कार्यकारी निदेशक (कॉर्पोरेट संचार) अनुज दयाल ने कहा, ‘‘ग्रीन लाइन पर हमारे कुछ मेट्रो स्टेशनों की बाहरी दीवारों पर कुछ आपत्तिजनक भित्तिचित्र (लिखित सामग्री) देखे गए हैं। इसकी सूचना संबंधित कानून प्रवर्तन एजेंसियों को दे दी गई है। डीएमआरसी की ओर से उनका हर संभव सहयोग किया जा रहा है।’’

यह कथित घटना दिल्ली में 9-10 सितंबर को होने वाले जी20 शिखर सम्मेलन से पहले हुई है।

पुलिस ने बताया कि गणतंत्र दिवस से पहले भी 19 जनवरी को विकासपुरी, जनकपुरी, पश्चिम विहार और पीरागढ़ी सहित पश्चिमी दिल्ली के कुछ इलाकों में दीवारों पर ‘राष्ट्र-विरोधी’ और ‘खालिस्तान-संबंधी’ भित्तिचित्र दिखे थे।

उसने बताया कि दीवारों पर ‘खालिस्तान जिंदाबाद’ और ‘रेफरेंडम 2020’ (जनमत संग्रह 2020) जैसे संदेश लिखे हुए थे। दिल्ली पुलिस के विशेष प्रकोष्ठ ने घटनाओं के सिलसिले में दो लोगों को गिरफ्तार किया था।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)