देश की खबरें | पुलिस मुठभेड़ में इनामी डकैत केशव को गोली लगी,धौलपुर के जिला अस्पताल में भर्ती

धौलपुर, 30 जनवरी कुख्यात ईनामी डकैत केशव गुर्जर पुलिस के साथ मुठभेड़ में घायल हो गया जिसे उपचार के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस ने सोमवार को यह जानकारी दी।

भरतपुर रेंज के पुलिस महानिरीाक्षक गौरव श्रीवास्तव ने बताया कि डकैत केशव गुर्जर के धौलपुर जिले के सेवर पाली इलाके में छिपे होने की सूचना मिली थी।

उन्होंने बताया कि धौलपुर के जिला पुलिस अधीक्षक धर्मेन्द्र सिंह की अगुवाई में कई थानों की पुलिस और पुलिस के विशेष दलों ने इलाके की घेराबंदी की।

उन्होंने बताया कि सोमवार तड़के पुलिस की डकैत केशव के साथ मुठभेड़ हुई। अधिकारी ने बताया कि करीब चार घंटे तक चली मुठभेड़ में दस्यु केशव के पैर में गोली लगी तथा पुलिस ने उसे धर दबोचा।

पुलिस ने घायल दस्यु को धौलपुर के जिला अस्पताल में भर्ती कराया है,जहां उसका उपचार चल रहा है।

श्रीवास्तव ने बताया कि मुठभेड़ में पुलिस तथा किसी नागरिक को कोई चोट या नुकसान नहीं पहुंचा है। उन्होंने बताया कि इसमें पुलिस के कुछ जवानों की बुलेट प्रूफ जैकेट पर गोली लगी है ।

धौलपुर के जिला पुलिस अधीक्षक धर्मेन्द्र सिंह ने बताया कि डकैत केशव गुर्जर के कब्जे से एक पचफेरा बंदूक तथा कारतूस बरामद किए गए हैं। सिंह ने बताया कि जिले में चंबल के बीहड़ में सक्रिय डकैतों की शीर्ष दस की सूची में शामिल कुख्यात डकैत केशव गुर्जर पहले पायदान पर है और कई राज्यों में वांछित है।

धौलपुर जिले के बाड़ी उपखंड क्षेत्र के बसई डांग थाना इलाके के गांव शाहपुर निवासी केशव गुर्जर की गिरफ्तारी पर एक लाख 20 हजार रुपए का इनाम घोषित है।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)