कलबुर्गी (कर्नाटक), एक मई कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे के प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी को ‘‘जहरीला सांप’’ कहने के कुछ दिनों बाद उनके बेटे और पूर्व मंत्री प्रियंक खरगे ने अब उन्हें (मोदी को) ‘‘नालायक’’ कहा है।
राज्य में 10 मई को होने वाले विधानसभा चुनाव में कलबुर्गी जिले के चित्तपुर सीट से पुन: चुनाव लड़ रहे प्रियंक ने प्रधानमंत्री मोदी के एक संबोधन को उद्धृत करते हुए कहा, “जब आप (प्रधानमंत्री मोदी) गुलबर्गा (कलबुर्गी) आए थे, तो आपने बंजारा समुदाय के लोगों से क्या कहा था? ‘आप सब लोग डरिये मत। बंजारा का एक बेटा दिल्ली में बैठा है’।”
उन्होंने लोगों को संबोधित करते हुए पूछा, “ऐसा नालायक बेटा बैठा तो कैसे होता भाई? घर कैसे चलेगा?”
उन्होंने कहा, “हम जो कह रहे हैं, वह यह है कि उन्होंने खुद को बंजारा समुदाय का बेटा बताया और आरक्षण को लेकर भ्रम पैदा किया। क्या बंजारा समाज के साथ अन्याय नहीं हुआ? शिकारीपुरा (शिवमोगा जिले में) में येदियुरप्पा के घर पर पत्थर क्यों फेंके गए? कलबुर्गी और जेवरगी में बंद क्यों रखा गया? आज आरक्षण को लेकर भ्रम की स्थिति है।”
सिद्धरमैया सरकार में मंत्री रहे प्रियंक ने कहा, “अपनी पिछली यात्रा के दौरान प्रधानमंत्री ने कहा था कि वह कोली समुदाय और कबालीगा और कुरुबा समुदाय का बेटा हैं। आज वह खुद को बंजारा समाज का बेटा बताते हैं।”
अपने कार्यकाल के आखिरी दिनों में, राज्य की भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) सरकार ने अनुसूचित जातियों के लिए आरक्षण को 15 प्रतिशत से बढ़ाकर 17 प्रतिशत करने के लिए एक विधेयक पारित किया।
इस बीच मल्लिकार्जुन खरगे ने अपने बेटे का बचाव करते हुए कहा कि प्रियंक ने कभी ऐसी टिप्पणियां नहीं कीं।
कांग्रेस अध्यक्ष ने कहा, “नहीं, नहीं। यह बहुत गलत है। उसने कभी ऐसा नहीं कहा। यह शब्द उसके मुंह में मत डालिये। उन्होंने उस संसद सदस्य पर हमला किया जिन्होंने उसे गाली दी थी (मोदी को नहीं)। इसलिए इन शब्दों को उनके मुंह में मत डालें कि (यह कहते हुए कि वह) मोदी के लिये थे। मुझे खेद है, हर जगह यह (गलत बयान) जानबूझकर किया जा रहा है। सुबह उन्होंने (प्रियंक) इसकी निंदा की लेकिन फिर भी आप लोग पूछ रहे हैं।”
वहीं मुख्यमंत्री बसवराज बोम्मई ने कहा, “चुनाव हारने की हताशा में वह (प्रियंक) अपनी मर्यादा भूल चुके हैं। कुछ दिन पहले उनके पिता ने अपनी बात वापस ली थी। अब, उनकी बारी है। जनता उन्हें सबक सिखाएगी।”
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)













QuickLY