जरुरी जानकारी | निजी इक्विटी, उद्यम पूंजी निवेश पहली छमाही में 23 प्रतिशत घटकर 27.5 अरब डॉलर पर: रिपोर्ट

मुंबई, 20 जुलाई घरेलू इकाइयों में निजी इक्विटी और उद्यम पूंजी कोषों का निवेश इस साल पहली छमाही (जनवरी-जून) में सालाना आधार पर करीब एक चौथाई घटकर 27.5 अरब डॉलर रहा।

उद्योग के लिये जनसंपर्क का काम करने वाली इंडियन वेंचर एंड अल्टरनेट कैपिटल एसोसिएशन (आईवीसीए) और परामर्श कंपनी ईवाई की रिपोर्ट में यह जानकारी दी गई है। हालांकि, मूल्य के हिसाब से बीते वर्ष जुलाई-दिसंबर के मुकाबले निवेश 33 प्रतिशत अधिक है।

रिपोर्ट के अनुसार, 2022 की पहली छमाही में 35.9 अरब डॉलर का निवेश हुआ था। वहीं दूसरी छमाही में निवेश मूल्य घटकर 20.6 अरब डॉलर रहा।

आलोच्य अवधि में सौदों की संख्या सालाना आधार पर 44 प्रतिशत घटकर 427 रही। जबकि पिछली छमाही की तुलना में 16 प्रतिशत घटी है।

ईवाई के भागीदार विवेक सोनी ने कहा कि स्टार्टअप में निवेश में कमी आई है लेकिन निजी इक्विटी/उद्यम पूंजी निवेश सकारात्मक बना हुआ है।

निजी इक्विटी/उद्यम पूंजी कोष ने पहली छमाही में 10.2 अरब डॉलर जुटाए। यह आने वाले समय में निवेश गतिविधियों के लिहाज से बेहतर है।

मासिक रिपोर्ट के अनुसार, जून में निवेश 3.1 अरब डॉलर रहा जो सालाना आधार पर 42 प्रतिशत कम है जबकि मई की तुलना में नौ प्रतिशत कम है।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)