नयी दिल्ली, 21 अप्रैल केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय के राष्ट्रीय कोविड-19 टीकाकरण कार्यक्रम को शुक्रवार को नवाचार श्रेणी में ‘लोक प्रशासन में उत्कृष्टता के लिए प्रधानमंत्री पुरस्कार, 2022’ से सम्मानित किया गया।
स्वास्थ्य मंत्रालय में सचिव राजेश भूषण ने यहां 16वें लोक सेवा दिवस पर आयोजित समारोह में पुरस्कार प्राप्त किया।
केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री मनसुख मांडविया ने ट्वीट किया, ‘‘गौरवपूर्ण क्षण। स्वास्थ्य और परिवार कल्याण मंत्रालय के दल को राष्ट्रीय कोविड-19 टीकाकरण कार्यक्रम के लिए ‘लोक प्रशासन में उत्कृष्टता के लिए प्रधानमंत्री पुरस्कार, 2022’ से सम्मानित किया गया।’’
उन्होंने कहा, ‘‘सभी को टीका लगाने के मंत्र के साथ अथक रूप से काम करने वाले पूरे दल को बधाई।’’
लोक सेवा दिवस के तहत जन कल्याण के प्राथमिकता वाले कार्यक्रमों को चलाने में सफलता और नवाचार के लिए जिलों या क्रियान्वयन इकाइयों को ‘लोक प्रशासन में उत्कृष्टता के लिए प्रधानमंत्री पुरस्कार’ प्रदान किया जाता है।
स्वास्थ्य मंत्रालय ने देश में अब तक कोविड टीकों की 220.66 करोड़ से अधिक खुराक दी हैं।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)













QuickLY