एजेंसी न्यूज

प्रधानमंत्री मोदी शनिवार को इन्फिनिटी फोरम 2.0 को संबोधित करेंगे

प्रधानमंत्री नरेन्‍द्र मोदी शनिवार को वीडियो कांफ्रेंस के माध्यम से प्रमुख वित्तीय प्रौद्योगिकी कार्यक्रम ‘इन्फिनिटी फोरम’ के दूसरे संस्करण को संबोधित करेंगे.

प्रधानमंत्री मोदी शनिवार को इन्फिनिटी फोरम 2.0 को संबोधित करेंगे
Photo Credits ANI

नयी दिल्ली, 7 दिसंबर: प्रधानमंत्री नरेन्‍द्र मोदी शनिवार को वीडियो कांफ्रेंस के माध्यम से प्रमुख वित्तीय प्रौद्योगिकी कार्यक्रम ‘इन्फिनिटी फोरम’ के दूसरे संस्करण को संबोधित करेंगे. प्रधानमंत्री कार्यालय (पीएमओ) ने बृहस्पतिवार को एक बयान में यह जानकारी दी. इस कार्यक्रम का आयोजन भारत सरकार के तत्वावधान में अंतरराष्ट्रीय वित्तीय सेवा केंद्र प्राधिकरण (आईएफएससीए) और गिफ्ट सिटी कर रहा है.

पीएमओ ने कहा, ‘‘यह फोरम एक ऐसा मंच प्रदान करता है जहां दुनिया भर से प्रगतिशील विचार, गंभीर समस्याएं, नवीन प्रौद्योगिकियों की तलाश की जाती हैं, उन पर चर्चा की जाती है तथा समाधानों और अवसरों में विकसित की जाती हैं.’’ ‘वाइब्रेंट गुजरात’ वैश्विक शिखर सम्मेलन 2024 के पहले इन्फिनिटी फोरम दो का आयोजन किया जा रहा है. गिफ्ट सिटी में आयोजित होने वाला सम्मेलन ‘हाइब्रिड’ स्वरूप का होगा. यानी, इसमें प्रतिभागी व्यक्तिगत रूप से और ऑनलाइन दोनों तरह से शामिल होंगे.

गुजरात के मुख्यमंत्री भूपेन्द्र पटेल, केंद्रीय वाणिज्य एवं उद्योग मंत्री पीयूष गोयल, रेल, संचार, इलेक्ट्रॉनिक्स और सूचना प्रौद्योगिकी मंत्री अश्विनी वैष्णव इस कार्यक्रम को संबोधित करेंगे. पीएमओ के अनुसार, फोरम में 300 से अधिक कंपनियों के शीर्ष अधिकारी हिस्सा लेंगे। इसमें भारत तथा अमेरिका, ब्रिटेन, सिंगापुर, दक्षिण अफ्रीका, संयुक्त अरब अमीरात, ऑस्ट्रेलिया और जर्मनी सहित 20 से अधिक देशों के वैश्विक दर्शकों की मजबूत ऑनलाइन भागीदारी होगी. कार्यक्रम में विदेशी विश्वविद्यालयों के कुलपति और विदेशी दूतावासों के प्रतिनिधि भी शामिल होंगे.

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)

(The above story first appeared on LatestLY on Dec 07, 2023 05:50 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).