देश की खबरें | प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी पहुंचे महाकुंभ, गंगा में लगाई डुबकी
Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. (तस्वीरों सहित)
(तस्वीरों सहित)
प्रयागराज, पांच फरवरी प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने बुधवार को प्रयागराज में आयोजित महाकुंभ 2025 के त्रिवेणी संगम में डुबकी लगाई, मां गंगा की पूजा-अर्चना की और सूर्यदेव को अर्घ्य दिया।
उन्होंने कहा कि मां गंगा का आशीर्वाद पाकर उनके मन को असीम शांति और संतोष मिला।
वैदिक मंत्रोच्चारण के बीच संगम में स्नान करते समय प्रधानमंत्री को पूरी बांह का केसरिया रंग का कुर्ता और नीले रंग का पायजामा पहने देखा गया। उन्होंने रुद्राक्ष की माला से जाप भी किया। उनके गले में भी रुद्राक्ष की एक माला थी।
उन्होंने दूध से मां गंगा का अभिषेक किया और माला फूल चढ़ाकर आरती की। इसके बाद पुरोहितों ने प्रधानमंत्री के माथे पर चंदन का तिलक लगाया और उन्हें गंगा जल का आचमन कराया। प्रधानमंत्री ने मां गंगा को एक चुनरी भी अर्पित की।
स्नान और पूजा अर्चना के बाद काले रंग के कुर्ते और जैकेट तथा सफेद पायजामा के साथ ही हिमाचली टोपी पहने प्रधानमंत्री मोदी घाट से बाहर आये और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के साथ कार में सवार होकर रवाना हो गए।
प्रधानमंत्री ने ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा, ‘‘प्रयागराज महाकुंभ में आज पवित्र संगम में स्नान के बाद पूजा-अर्चना का परम सौभाग्य मिला। मां गंगा का आशीर्वाद पाकर मन को असीम शांति और संतोष मिला है। उनसे समस्त देशवासियों की सुख-समृद्धि, आरोग्य और कल्याण की कामना की। हर-हर गंगे!’’
प्रधानमंत्री ने अपने पोस्ट में संगम में डुबकी लगाते, सूर्यदेव को अर्घ्य देते, गंगा को प्रणाम करते और रुद्राक्ष की माला जपते हुए अपनी तस्वीरें भी साझा की।
अधिकारियों ने बताया, ‘‘प्रधानमंत्री के दौरे में इस बात का विशेष ध्यान रखा गया है कि श्रद्धालुओं को कोई असुविधा न हो। इसलिए कुछ क्षेत्रों में ही सुरक्षा प्रोटोकॉल को अनिवार्य किया गया और श्रद्धालु अन्य घाटों पर स्नान कर रहे हैं।’’
प्रधानमंत्री बुधवार की सुबह अरैल घाट के पास बने हेलीपैड पर हेलीकॉप्टर से पहुंचे और वहां से मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ उन्हें बोट से लेकर संगम पहुंचे जहां प्रधानमंत्री ने डुबकी लगाई।
बोट से संगम की ओर जाते समय मुख्यमंत्री को प्रधानमंत्री से बातचीत करते हुए देखा गया। मेला क्षेत्र में भारी सुरक्षा व्यवस्था की गई है।
प्रधानमंत्री का महाकुंभ में आगमन ऐसे समय में हो रहा है जब दिल्ली में चुनाव और मिल्कीपुर विधानसभा उपचुनाव हो रहे हैं। ये दोनों ही चुनाव महत्वपूर्ण हैं क्योंकि भाजपा ने दिल्ली में आम आदमी पार्टी को सत्ता से हटाने के लिए जी जान लगा दी है, जबकि अयोध्या में मिल्कीपुर उपचुनाव में वह सपा को हराकर यह सीट अपने खाते में लाने के लिए प्रयासरत है।
इससे पूर्व, 13 दिसंबर, 2024 को अपनी प्रयागराज यात्रा के दौरान, प्रधानमंत्री ने श्रद्धालुओं को आवागमन को सुविधाजनक बनाने के उद्देश्य से 5,500 करोड़ रुपये मूल्य की 167 परियोजनाओं का लोकार्पण किया था।
प्रयागराज महाकुंभ में बुधवार को सुबह 10 बजे तक 10 लाख कल्पवासियों समेत 47.30 लाख लोगों ने गंगा और संगम में डुबकी लगाई। वहीं 13 जनवरी, 2025 से शुरू हुए महाकुंभ में मंगलवार तक 38.29 करोड़ से अधिक लोग संगम में स्नान कर चुके हैं।
राजेंद्र खारी ब्रजेन्द्र
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)
(The above story first appeared on LatestLY on Feb 05, 2025 01:46 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).

