एजेंसी न्यूज

PM Narendra Modi to Inaugurate: प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने छत्तीसगढ़ के पांच अमृत स्टेशन का किया उद्घाटन

प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने बृहस्पतिवार को छत्तीसगढ़ के पांच अमृत स्टेशन का डिजिटल माध्यम से उद्घाटन किया. यह रेलवे स्टेशन देशभर में प्रधानमंत्री द्वारा वीडियो कॉन्फ्रेंस के माध्यम से उद्घाटन किए गए 103 अमृत भारत स्टेशन में शामिल हैं.

PM Narendra Modi to Inaugurate: प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने छत्तीसगढ़ के पांच अमृत स्टेशन का किया उद्घाटन
PM Modi | X

रायपुर, 22 मई : प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने बृहस्पतिवार को छत्तीसगढ़ के पांच अमृत स्टेशन का डिजिटल माध्यम से उद्घाटन किया. यह रेलवे स्टेशन देशभर में प्रधानमंत्री द्वारा वीडियो कॉन्फ्रेंस के माध्यम से उद्घाटन किए गए 103 अमृत भारत स्टेशन में शामिल हैं. अधिकारियों ने बताया कि प्रधानमंत्री मोदी ने आज डिजिटल माध्यम से अमृत भारत स्टेशन योजना के अंतर्गत छत्तीसगढ़ के पांच अमृत स्टेशन सहित देशभर के 103 पुनर्विकसित रेलवे स्टेशन का उद्घाटन किया. इन स्टेशन का उन्नयन यात्रियों को विश्वस्तरीय सुविधाएं उपलब्ध कराने के उद्देश्य से किया गया है. उन्होंने बताया कि छत्तीसगढ़ के जिन अमृत स्टेशन का उद्घाटन हुआ है, उनमें बिलासपुर मंडल का अंबिकापुर स्टेशन, रायपुर मंडल का उरकुरा, भिलाई एवं भानुप्रतापपुर स्टेशन तथा नागपुर मंडल का डोंगरगढ़ स्टेशन शामिल है. अधिकारियों ने बताया कि राज्यपाल रमेन डेका उरकुरा रेलवे स्टेशन में और मुख्यमंत्री विष्णु देव साय अंबिकापुर रेलवे स्टेशन में उद्घाटन कार्यक्रम में शामिल हुए.

इस अवसर पर राज्यपाल ने कहा, ''प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में भारतीय रेलवे एक अभूतपूर्व परिवर्तन के दौर से गुजर रहा है. अमृत भारत स्टेशन योजना केवल यात्री सुविधाओं के उन्नयन तक सीमित नहीं है बल्कि यह विकसित भारत की संकल्पना को साकार करने की दिशा में एक बड़ा कदम है.'' उन्होंने कहा, ''रेलवे अब केवल यातायात का माध्यम नहीं बल्कि नये भारत की गतिशील अर्थव्यवस्था की रीढ़ है.'' राज्यपाल ने बताया कि छत्तीसगढ़ में इस समय 35 हजार करोड़ रुपये से अधिक की रेलवे परियोजनाएं संचालित हैं और वर्ष 2025-26 के बजट में राज्य को 6925 करोड़ रुपये का ऐतिहासिक आबंटन प्राप्त हुआ है. यह केंद्र सरकार की राज्य के प्रति प्रतिबद्धता को दर्शाता है.डेका ने कहा कि स्टेशनों के विकसित होने से छत्तीसगढ़ में पर्यटन, व्यापार और सांस्कृतिक समन्वय को नई ऊंचाई मिलेंगी. उनके मुताबिक, विशेष रूप से जनजातीय, ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों के लिए रेलवे विकास की मजबूत कड़ी बनकर उभरेगा. यह भी पढ़ें : प.बंगाल के पुनर्विकसित रेलवे स्टेशनों में हैं दिव्यांगों के अनुकूल अत्याधुनिक सुविधाएं

उन्होंने प्रधानमंत्री मोदी, रेल मंत्री और भारतीय रेलवे का छत्तीसगढ़ की जनता की ओर से आभार प्रकट किया और विश्वास जताया कि अमृत भारत स्टेशन सामाजिक, आर्थिक प्रगति में उत्प्रेरक की भूमिका निभाएंगे. कार्यक्रम के दौरान अंबिकापुर में मौजूद मुख्यमंत्री साय ने कहा कि आदिवासी बहुल सरगुजा जिले का मुख्यालय अंबिकापुर सहित छत्तीसगढ़ के पांच रेलवे स्टेशन अब रेलवे मानचित्र में प्रमुख स्टेशन के रूप में शामिल हो गए हैं. साय ने छत्तीसगढ़ में अमृत स्टेशन के सौगात के लिए प्रधानमंत्री मोदी का आभार जताया. अधिकारियों ने बताया कि रायपुर के उरकुरा में आयोजित कार्यक्रम में रायपुर से सांसद बृजमोहन अग्रवाल व राज्य के मंत्री जबकि अंबिकापुर के कार्यक्रम में मुख्यमंत्री साय के साथ उनके मंत्रिमंडल के सदस्य और वरिष्ठ नेता मौजूद थे.

(The above story first appeared on LatestLY on May 22, 2025 04:36 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).