एजेंसी न्यूज

प्रधानमंत्री मोदी दो से नौ जुलाई तक पांच देशों की यात्रा करेंगे

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ब्राजील में ब्रिक्स शिखर सम्मेलन में भाग लेने और ‘ग्लोबल साउथ’ के कई प्रमुख देशों के साथ भारत के संबंधों को प्रगाढ़ करने के लिए दो जुलाई से पांच देशों की यात्रा करेंगे.

प्रधानमंत्री मोदी दो से नौ जुलाई तक पांच देशों की यात्रा करेंगे
(Photo Credits ANI)

नयी दिल्ली, 27 जून:  प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ब्राजील में ब्रिक्स शिखर सम्मेलन में भाग लेने और ‘ग्लोबल साउथ’ के कई प्रमुख देशों के साथ भारत के संबंधों को प्रगाढ़ करने के लिए दो जुलाई से पांच देशों की यात्रा करेंगे. विदेश मंत्रालय के अनुसार, इस आठ दिवसीय यात्रा के दौरान मोदी ब्राजील के अलावा घाना, त्रिनिदाद और टोबैगो, अर्जेंटीना, ब्राजील और नामीबिया भी जाएंगे. यात्रा के पहले चरण में मोदी 2 से 3 जुलाई तक घाना का दौरा करेंगे. प्रधानमंत्री मोदी की घाना की यह पहली द्विपक्षीय यात्रा होगी. साथ ही, यह तीन दशकों में भारत के किसी प्रधानमंत्री की पहली घाना यात्रा होगी.

विदेश मंत्रालय ने कहा कि इस यात्रा के दौरान मोदी घाना के राष्ट्रपति के साथ वार्ता करेंगे, जिसमें मजबूत द्विपक्षीय साझेदारी की समीक्षा की जाएगी तथा आर्थिक, ऊर्जा और रक्षा सहयोग के माध्यम से इसे प्रगाढ़ करने के लिए आगे के अवसरों पर चर्चा की जाएगी.

घाना से प्रधानमंत्री 3 से 4 जुलाई तक त्रिनिदाद और टोबैगो की दो दिवसीय यात्रा पर जाएंगे. वर्ष 1999 के बाद यह किसी भारतीय प्रधानमंत्री की त्रिनिदाद और टोबैगो की पहली यात्रा होगी.

इस यात्रा के दौरान मोदी त्रिनिदाद और टोबैगो की राष्ट्रपति क्रिस्टीन कार्ला कंगालू और प्रधानमंत्री कमला प्रसाद-बिसेसर के साथ वार्ता करेंगे. द्वीपीय देश की संसद के संयुक्त सत्र को भी मोदी द्वारा संबोधित किये जाने की उम्मीद है.

अपनी यात्रा के तीसरे चरण में मोदी 4 से 5 जुलाई तक अर्जेंटीना की यात्रा करेंगे. विदेश मंत्रालय के अनुसार, प्रधानमंत्री रक्षा, कृषि, खनन, तेल एवं गैस, नवीकरणीय ऊर्जा, व्यापार और निवेश सहित प्रमुख क्षेत्रों में भारत-अर्जेंटीना साझेदारी को और बढ़ाने के लिए राष्ट्रपति जेवियर माइली के साथ व्यापक वार्ता करेंगे.

बयान में कहा गया, ‘‘प्रधानमंत्री की द्विपक्षीय यात्रा से भारत और अर्जेंटीना के बीच बहुआयामी रणनीतिक साझेदारी और प्रगाढ़ होगी.’’ अपनी यात्रा के चौथे चरण में, मोदी ब्राजील के राष्ट्रपति लुईस इनासियो लूला दा सिल्वा के निमंत्रण पर इस देश की यात्रा करेंगे.

प्रधानमंत्री 17वें ब्रिक्स शिखर सम्मेलन में भाग लेने के लिए 5 से 8 जुलाई 2025 तक ब्राजील का दौरा करेंगे. प्रधानमंत्री के रूप में यह मोदी की चौथी ब्राजील यात्रा होगी. सत्रहवां ब्रिक्स नेताओं का शिखर सम्मेलन रियो डी जेनेरियो में आयोजित किया जाएगा.

शिखर सम्मेलन से इतर मोदी द्वारा कई द्विपक्षीय बैठकें करने की भी संभावना है. अपनी यात्रा के अंतिम चरण में प्रधानमंत्री मोदी नामीबिया जाएंगे. अपनी यात्रा के दौरान मोदी राष्ट्रपति नेटुम्बो नांदी-नदैतवा के साथ द्विपक्षीय वार्ता करेंगे. प्रधानमंत्री द्वारा नामीबिया की संसद को संबोधित किये जाने की भी उम्मीद है. ‘ग्लोबल साउथ’ से तात्पर्य उन देशों से है, जिन्हें अक्सर विकासशील, अल्प विकसित या अविकसित माना जाता है तथा जो मुख्य रूप से अफ्रीका, एशिया और लैटिन अमेरिका में स्थित हैं.

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)

(The above story first appeared on LatestLY on Jun 27, 2025 10:20 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).