देश की खबरें | प्रधानमंत्री मोदी दो दिवसीय यात्रा पर असम पहुंचे

Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी असम के दो दिवसीय दौरे के तहत यहां लोकप्रिय गोपीनाथ बारदोलोई अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर पहुंचे। मुख्यमंत्री हिमंत विश्व शर्मा और उनके कैबिनेट सहयोगियों और राज्य सरकार के वरिष्ठ अधिकारियों ने हवाई अड्डे पर मोदी का स्वागत किया।

गुवाहाटी, 24 फरवरी प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी असम के दो दिवसीय दौरे के तहत यहां लोकप्रिय गोपीनाथ बारदोलोई अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर पहुंचे। मुख्यमंत्री हिमंत विश्व शर्मा और उनके कैबिनेट सहयोगियों और राज्य सरकार के वरिष्ठ अधिकारियों ने हवाई अड्डे पर मोदी का स्वागत किया।

उनका स्वागत पारंपरिक ‘गमोसा’ (गमछा) से किया गया और विभिन्न जनजातियों और समुदायों के कलाकार उनका स्वागत करने के लिए रास्ते में खड़े थे।

मुख्यमंत्री ने ‘एक्स’ पर पोस्ट किया, ‘‘दुनिया के सबसे लोकप्रिय नेता आदरणीय नरेन्द्र मोदी जी का असम में स्वागत करना सौभाग्य और सम्मान की बात है। माननीय प्रधानमंत्री का दृष्टिकोण हमें विकसित असम बनाने के हमारे प्रयास के लिए प्रेरित करता है।’’

प्रधानमंत्री सरुसजाई खेल परिसर के लिए रवाना हो गए, जहां वे चाय उपजाने वाले जनजाति समुदाय के लगभग 9,000 कलाकारों की नृत्य प्रस्तुति ‘झुमोर बिनंदिनी’ देखेंगे।

शर्मा ने एक अन्य पोस्ट में कहा, ‘‘माननीय प्रधानमंत्री ‘झुमोर बिनंदिनी’ में भाग लेने के लिए सरुसजाई जा रहे हैं। बोरझार में लोगों ने हवाई अड्डे से निकलते समय उनका गर्मजोशी से स्वागत किया।’’ प्रधानमंत्री एक विशेष वाहन से स्टेडियम के अंदर जाएंगे और कलाकारों और दर्शकों का अभिवादन करेंगे।

इसके बाद प्रधानमंत्री शहर के खानापारा इलाके में वेटनरी कॉलेज के मैदान में दो दीर्घाओं में आयोजित प्रदर्शनियों का उद्घाटन करने के लिए ‘एडवांटेज असम 2.0 इंफ्रास्ट्रक्चर एंड इन्वेस्टमेंट समिट’ के आयोजन स्थल पर पहुंचेंगे।

दोनों दीर्घाओं में राज्य के पारंपरिक उद्योगों को दर्शाने वाली प्रदर्शनी होगी, जिसका शीर्षक ‘असम का गौरव’ होगा, और दूसरी दीर्घा में आधुनिक उद्योगों और बुनियादी ढांचे के विकास को दर्शाया जाएगा जिसका शीर्षक ‘असम का भविष्य’ होगा।

प्रधानमंत्री मंगलवार को शिखर सम्मेलन का उद्घाटन करेंगे और दोपहर में नई दिल्ली के लिए रवाना होंगे।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)

Share Now

\