नयी दिल्ली, दो मार्च प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी बृहस्पतिवार को भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के कार्यकर्ताओं और समर्थकों को संबोधित कर सकते हैं। भाजपा त्रिपुरा में अपने दम पर और नगालैंड में अपनी वरिष्ठ सहयोगी नेशनलिस्ट डेमोक्रेटिक प्रोग्रेसिव पार्टी (एनडीपीपी) के साथ सत्ता बरकरार रखने की ओर आगे बढ़ रही है।
आधिकारिक सूत्रों ने बताया कि यहां पार्टी मुख्यालय में पार्टी के वरिष्ठ नेताओं की बैठक में मोदी को जीत के लिए सम्मानित किए जाने की संभावना है।
निर्वाचन आयोग के ताजा आंकड़ों के अनुसार त्रिपुरा की 60 सदस्यीय विधानसभा के लिए हुए चुनाव में भाजपा 33 सीटों पर जीत दर्ज करने की दिशा में आगे बढ़ रही है। भाजपा ने 18 सीटों पर जीत दर्ज कर ली है कि 15 सीटों पर उसके उम्मीदवार बढ़त बनाए हुए हैं।
नगालैंड में भाजपा और एनडीपीपी के 19 उम्मीदवार जीत चुके हैं जबकि 17 सीटों पर उनके उम्मीदवारों ने बढ़त हासिल कर रखी है। दोनों दल 36 सीटों पर जीत हासिल करने की दिशा में आगे बढ़ रहे हैं।
मेघालय में भाजपा तीन सीटों पर आगे है। पिछली बार की तरह सरकार का हिस्सा बनने के लिए वह एक बार फिर एनपीपी के साथ हाथ मिला सकती है।
त्रिपुरा में भाजपा की जीत महत्वपूर्ण है क्योंकि उसे सत्ता से बेदखल करने के लिए वाम दल और कांग्रेस ने हाथ मिला लिया था। प्रद्योत देबबर्मा के नेतृत्व वाले टिपरा मोथा ने आदिवासियों के बीच भाजपा के समर्थन में सेंधमारी करने में सफलता हासिल की है।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)












QuickLY