एजेंसी न्यूज

विदेश की खबरें | प्रधानमंत्री मोदी क्वाड सम्मेलन में हिस्सा लेने अमेरिका पहुंचे, बाइडन के साथ करेंगे द्विपक्षीय बैठक

Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on world at LatestLY हिन्दी. (तस्वीरों के साथ)

विदेश की खबरें | प्रधानमंत्री मोदी क्वाड सम्मेलन में हिस्सा लेने अमेरिका पहुंचे, बाइडन के साथ करेंगे द्विपक्षीय बैठक
श्रीलंका के प्रधानमंत्री दिनेश गुणवर्धने

(तस्वीरों के साथ)

विलमिंगटन (अमेरिका), 21 सितंबर प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी शनिवार को “भारत-अमेरिका व्यापक वैश्विक रणनीतिक साझेदारी को और मजबूत करने”, क्वाड शिखर सम्मेलन में भाग लेने और संयुक्त राष्ट्र में एक प्रमुख सम्मेलन को संबोधित करने के लिए तीन दिवसीय यात्रा पर अमेरिका पहुंचे।

यात्रा के पहले दिन क्वाड शिखर सम्मेलन से पहले, मोदी का अमेरिकी राष्ट्रपति जो बाइडन, ऑस्ट्रेलियाई प्रधानमंत्री एंथनी अल्बनीज और जापानी प्रधानमंत्री फुमियो किशिदा से आमने-सामने मुलाकात करने का कार्यक्रम है।

मोदी ने शिखर सम्मेलन स्थल विलमिंगटन, डेलावेयर पहुंचने के बाद ‘एक्स’ पर लिखा, “मुझे विश्वास है कि दिन भर की चर्चाएं हमारे ग्रह को बेहतर बनाने और प्रमुख वैश्विक चुनौतियों से निपटने में योगदान देंगी।”

इससे पहले, भारतीय प्रवासियों के एक बड़े समूह ने फिलाडेल्फिया अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर मोदी का स्वागत किया, जहां से वह राष्ट्रपति बाइडन के गृहनगर विलमिंगटन गए।

मोदी ने पारंपरिक परिधान पहने लोगों के समूह का अभिवादन किया, जिनमें से कई लोगों ने भारतीय तिरंगा थाम रखा था। वह सुरक्षा घेरे में चले, उनमें से कुछ को ‘ऑटोग्राफ’ दिए और कुछ अन्य से हाथ मिलाया।

मोदी ने ‘एक्स’ पर एक अन्य पोस्ट में कहा, “फिलाडेल्फिया में जोरदार स्वागत! हमारे प्रवासी समुदाय के आशीर्वाद को हम बहुत संजोकर रखते हैं।”

प्रधानमंत्री ने कहा, “भारतीय समुदाय ने अमेरिका में अपनी अलग पहचान बनाई है और विभिन्न क्षेत्रों में सकारात्मक प्रभाव डाला है। उनके साथ बातचीत करना हमेशा खुशी की बात होती है। आइये उन बंधनों का जश्न मनाएं जो हमारे देशों को जोड़ते हैं!”

विदेश मंत्रालय ने ‘एक्स’ पर कुछ तस्वीरों के साथ साझा की गयी एक पोस्ट में कहा, “प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ऐतिहासिक शहर फिलाडेल्फिया पहुंचे। विलमिंगटन, डेलावेयर में द्विपक्षीय और क्वाड प्रारूपों में भागीदारी के साथ एक कामकाज से भरपूर दिन रहेगा। जुड़े रहिए!”

अमेरिका में भारतीय दूतावास ने ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा, “भारत-अमेरिका व्यापक वैश्विक रणनीतिक साझेदारी को और मजबूत करने के लिए अमेरिका की विशेष यात्रा के लिए प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी का स्वागत! यात्रा के दौरान, प्रधानमंत्री द्विपक्षीय चर्चा के लिए अमेरिका के राष्ट्रपति से मिलेंगे, छठे क्वाड लीडर्स समिट में भाग लेंगे, संयुक्त राष्ट्र के ‘भविष्य के शिखर सम्मेलन’ को संबोधित करेंगे और शीर्ष टेक कंपनियों के सीईओ और भारतीय प्रवासियों के साथ कई अन्य महत्वपूर्ण बैठकें करेंगे।”

विलमिंगटन से मोदी न्यूयॉर्क जाएंगे और 22 सितंबर को लॉन्ग आइलैंड में भारतीय समुदाय के एक कार्यक्रम में भाग लेंगे तथा अगले दिन संयुक्त राष्ट्र महासभा में भविष्य के शिखर सम्मेलन को संबोधित करेंगे।

प्रधानमंत्री के अन्य कार्यक्रमों में लॉन्ग आइलैंड में भारतीय प्रवासी समुदाय के एक कार्यक्रम में शामिल होना तथा कृत्रिम बुद्धिमता, क्वांटम कंप्यूटिंग और सेमीकंडक्टर जैसी अत्याधुनिक प्रौद्योगिकियों पर काम कर रही अमेरिकी कंपनियों के मुख्य कार्यकारी अधिकारियों के साथ एक गोलमेज बैठक में भाग लेना शामिल है।

विलमिंगटन में होने वाले वार्षिक क्वाड शिखर सम्मेलन में हिंद-प्रशांत क्षेत्र में सहयोग को बढ़ावा देने तथा यूक्रेन और गाजा में संघर्षों का शांतिपूर्ण समाधान खोजने के तरीकों का पता लगाने के लिए कई नई पहलों की शुरुआत होने की उम्मीद है।

नयी दिल्ली में अपने प्रस्थान वक्तव्य में मोदी ने कहा कि वह क्वाड शिखर सम्मेलन के लिए अपने सहयोगियों राष्ट्रपति जो बाइडन, प्रधानमंत्री एंथनी अल्बनीज और प्रधानमंत्री फूमियो किशिदा के साथ शामिल होने के लिए उत्सुक हैं।

उन्होंने कहा, “यह मंच हिंद-प्रशांत क्षेत्र में शांति, प्रगति और समृद्धि के लिए काम करने वाले समान विचारधारा वाले देशों के एक प्रमुख समूह के रूप में उभरा है।”

चार सदस्यीय क्वाड या चतुर्भुज सुरक्षा वार्ता एक स्वतंत्र, खुले और समावेशी हिंद-प्रशांत क्षेत्र को बनाए रखने की वकालत करती है। बीजिंग इसे चीन विरोधी समूह के रूप में देखता है।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)

(The above story first appeared on LatestLY on Sep 21, 2024 10:22 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).