देश की खबरें | प्रधानमंत्री तानाशाही के चरम पर पहुंच गए हैं: बीबीसी कार्यालयों में आयकर सर्वेक्षण पर आप ने कहा

नयी दिल्ली, 14 फरवरी आम आदमी पार्टी (आप) ने दिल्ली और मुंबई में बीबीसी के कार्यालयों में आयकर विभाग के सर्वेक्षण अभियान को लेकर मंगलवार को केंद्र पर निशाना साधा और कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ''तानाशाही के चरम'' पर पहुंच गए हैं।

अधिकारियों के अनुसार, कथित कर अपवंचना की जांच के तहत आयकर विभाग ने अभियान चलाया।

ब्रिटिश ब्रॉडकास्टिंग कॉर्पोरेशन (बीबीसी) द्वारा दो कड़ियों वाला वृत्तचित्र ‘इंडिया: द मोदी क्वेश्चन’ प्रसारित किए जाने के कुछ हफ्तों बाद यह औचक कार्रवाई हुई।

केंद्र सरकार ने यूट्यूब पर बीबीसी के वृत्तचित्र को साझा करने वाले वीडियो लिंक अवरुद्ध कर दिए थे और इसके साथ ही वृत्तचित्र के यूट्यूब लिंक साझा करने वाले ट्वीट भी अवरुद्ध कर दिए गए थे।

आप के राष्ट्रीय प्रवक्ता और राज्यसभा सदस्य संजय सिंह ने आयकर विभाग के सर्वेक्षण पर तीखी प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए एक ट्वीट में कहा, "मोदी जी, आप तानाशाही के चरम पर पहुंच गए हैं।"

आप नेता ने कहा, ‘‘पहले बीबीसी की डॉक्यूमेंटरी पर प्रतिबंध लगाया। अब इसके दफ्तरों पर छापेमारी..मोदी जी मत भूलिए, हिटलर की तानाशाही भी खत्म हो गई। आपकी तानाशाही भी खत्म हो जाएगी।’’

बीबीसी का वृत्तचित्र 2002 के गुजरात दंगों पर आधारित है। उस समय नरेंद्र मोदी राज्य के मुख्यमंत्री थे। विदेश मंत्रालय ने इसे दुष्प्रचार करार दिया था।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)