देश की खबरें | प्रधानमंत्री ने मिर्जापुर सड़क हादसे में 10 लोगों की मौत पर दुख जताया, मुआवजे की घोषणा की
Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने शुक्रवार को उत्तर प्रदेश के मिर्जापुर में एक सड़क हादसे में 10 लोगों की मौत को अत्यंत पीड़ादायक बताया और कहा कि राज्य सरकार की देखरेख में स्थानीय प्रशासन पीड़ितों की हरसंभव मदद में जुटा है।
नयी दिल्ली, चार अक्टूबर प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने शुक्रवार को उत्तर प्रदेश के मिर्जापुर में एक सड़क हादसे में 10 लोगों की मौत को अत्यंत पीड़ादायक बताया और कहा कि राज्य सरकार की देखरेख में स्थानीय प्रशासन पीड़ितों की हरसंभव मदद में जुटा है।
प्रधानमंत्री ने हादसे के पीडि़तों के लिए अनुग्रह राशि की घोषणा भी की।
मिर्जापुर जिले में देर रात एक ट्रक और ट्रैक्टर-ट्रॉली की टक्कर में 10 लोगों की मौत हो गई और तीन लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।
यह दुर्घटना देर रात करीब एक बजे मिर्जापुर-वाराणसी सीमा पर कछवां और मिर्जामुराद के बीच जीटी रोड पर हुई।
मोदी ने सोशल मीडिया मंच 'एक्स' पर एक पोस्ट में कहा, "उत्तर प्रदेश के मिर्जापुर में हुआ सड़क हादसा अत्यंत पीड़ादायक है। इसमें जान गंवाने वालों के शोकाकुल परिजनों के प्रति मेरी गहरी संवेदनाएं।"
उन्होंने कहा, "ईश्वर उन्हें इस पीड़ा को सहने की शक्ति प्रदान करे। इसके साथ ही मैं सभी घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना करता हूं। राज्य सरकार की देखरेख में स्थानीय प्रशासन पीड़ितों की हरसंभव मदद में जुटा है।"
प्रधानमंत्री कार्यालय ने 'एक्स' पर एक पोस्ट में कहा कि प्रधानमंत्री राष्ट्रीय राहत कोष से प्रत्येक मृतक के परिजनों को दो-दो लाख रुपए और घायलों को 50 हजार रुपए दिए जाएंगे।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)
(The above story first appeared on LatestLY on Oct 04, 2024 11:18 AM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).

