ताजा खबरें | प्रधानमंत्री मणिपुर को हिंदुस्तान का हिस्सा नहीं समझते: राहुल

नयी दिल्ली, नौ अगस्त कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी ने मणिपुर की स्थिति को लेकर बुधवार को केंद्र सरकार पर तीखा प्रहार किया और आरोप लगाया कि पूर्वोत्तर के इस राज्य को इस स्थिति में पहुंचाने वाले लोग देशप्रेमी नहीं हैं।

उन्होंने लोकसभा में सरकार के खिलाफ लाए गए अविश्वास प्रस्ताव पर चर्चा में भाग लेते हुए प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के मणिपुर का दौरा नहीं करने को लेकर उन पर निशाना साधा और दावा किया कि प्रधानमंत्री इस राज्य को हिंदुस्तान (का हिस्सा) नहीं समझते।

सत्तापक्ष के सदस्यों की टोकाटोकी के बीच कांग्रेस नेता ने यह भी कहा कि भारत एक आवाज है और अगर इस आवाज को सुनना है तो अहंकार और नफरत को त्यागना होगा। उन्होंने लोकसभा सदस्यता बहाल होने के बाद सदन में यह वक्तव्य दिया और सदस्यता बहाल करने के लिए लोकसभा अध्यक्ष का आभार व्यक्त किया।

राहुल गांधी के वक्तव्य के दौरान सदन में सत्तापक्ष और विपक्ष के सदस्यों के बीच कई बार तीखी नोकझोंक हुई। हंगामे के बीच पृथ्वी विज्ञान मंत्री किरेन रीजीजू ने आरोप लगाया कि देश में 70 साल तक राज करने वाली कांग्रेस ने पूर्वोत्तर को बर्बाद कर दिया था।

सत्तापक्ष के सदस्यों की टोकाटोकी पर सदन में कांग्रेस के उप नेता गौरव गोगोई ने चेतावनी भरे लहजे में कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के जवाब देते समय इसका (टोकाटोकी का) जवाब दिया जाएगा। इस पर लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला ने कहा कि सदन में वह इस तरह की बात नहीं कर सकते।

राहुल गांधी ने अपने मणिपुर दौरे के अनुभव का उल्लेख किया और सरकार पर आरोप लगाया, ‘‘ ये लोग (भाजपा) भारत माता के रखवाले नहीं हो सकते।’’

कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष ने यह आरोप भी लगाया, ‘‘आप देशप्रेमी नहीं हैं.... इसलिए आपके प्रधानमंत्री मणिपुर नहीं जा रहे।’’

उन्होंने कहा, ‘‘आप भारत माता के रखवाले नहीं हो।’’

इस पर लोकसभा अध्यक्ष ने कहा, ‘‘भारत माता के बारे में कोई भी ऐसा शब्द नहीं बोला जाना चाहिए जो उचित नहीं हो।’’

इसके जवाब में राहुल ने कहा, ‘‘भारत माता मेरी भी माता हैं। मेरी एक माता (सोनिया गांधी) यहां बैठी हुई हैं और दूसरी भारत माता हैं।’’

इस दौरान कांग्रेस की पूर्व अध्यक्ष सोनिया गांधी सदन में उपस्थित थीं।

कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष ने कहा, ‘‘कुछ दिनों पहले मैं मणिपुर गया। हमारे प्रधानमंत्री आज तक मणिपुर नहीं गए क्योंकि उनके लिए मणिपुर हिंदुस्तान (का हिस्सा) नहीं है।’’

उन्होंने आरोप लगाया, ‘‘आज की सच्चाई है कि मणिपुर को आपने बांट दिया है, तोड़ दिया है।’’

कांग्रेस नेता ने आरोप लगाया कि इस सरकार ने हरियाणा और देश के कई अन्य हिस्सों में ‘केरोसिन छिड़क दिया’ है।

राहुल गांधी ने कहा, ‘‘हिंदुस्तान की सेना एक दिन में शांति ला सकती है, लेकिन आप (सरकार) हिंदुस्तान की सेना का उपयोग नहीं करते।’’

उन्होंने सरकार और प्रधानमंत्री पर अहंकार का आरोप लगाया। कांग्रेस नेता ने कहा, ‘‘रावण सिर्फ दो लोगों की... मेघनाद और कुंभकर्ण की सुनता था, उसी तरह प्रधानमंत्री मोदी सिर्फ अमित शाह और अडाणी की सुनते हैं।’’

राहुल गांधी ने कहा, ‘‘लंका को हनुमान जी ने नहीं जलाया था, रावण के अहंकार ने जलाया था। रावण को राम ने नहीं मारा था, रावण के अहंकार ने ही उसे मारा था।’’

कांग्रेस नेता ने ‘भारत जोड़ो यात्रा’ का उल्लेख करते हुए कहा कि पिछले साल 130 दिन तक ‘‘मैंने भारत के एक कोने से दूसरे कोने तक यात्रा की। मैं समुद्र के तट से कश्मीर की बफीर्ली पहाड़ी तक चला।’’

राहुल गांधी ने कहा, ‘‘जिस चीज के लिए मैं मरने को तैयार हूं, जिस चीज के लिए मोदी जी की जेलों में जाने को तैयार हूं और जिस चीज के लिए 10 साल गाली खाई है... उसे मैं समझना चाहता था।’’

उन्होंने यात्रा के दौरान के कुछ अनुभवों का उल्लेख करते हुए कहा, ‘‘जब मैं यात्रा कर रहा था तो मुझे भीड़ की आवाज सुनाई नहीं देती थी, जिससे बात करता था उसका दुख और दर्द सुनाई देता था।’’

राहुल गांधी ने कहा, ‘‘लोग कहते हैं कि ये देश है, कोई कहता है कि अलग-अलग एं हैं, कोई जमीन, कोई धर्म तो कोई सोना और चांदी की बात करता है। लेकिन सच्चाई है कि यह देश एक आवाज है। इस देश के लोगों की आवाज है। इस देश के लोगों का दर्द है, दुख है, कठिनाइयां हैं। इस आवाज को सुनने के लिए हमें अपने अहंकार को खत्म करना पड़ेगा। तभी हमें इस हिन्दुस्तान की आवाज सुनाई देगी।’’

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)