नयी दिल्ली, तीन सितंबर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने तोक्यो पैरालंपिक में पुरुषों की ऊंची कूद स्पर्धा में रजत पदक जीतने पर प्रवीण कुमार को बधाई दी और कहा कि यह पदक उनके कठिन परिश्रम और समर्पण का परिणाम है।
कुमार ने तोक्यो पैरालंपिक में एशियाई रिकॉर्ड के साथ पुरूषों की ऊंची कूद टी64 स्पर्धा में रजत पदक जीता। उन्होंने पैरालंपिक में पदार्पण करते हुए 2.07 मीटर की कूद से एशियाई रिकॉर्ड के साथ दूसरा स्थान हासिल किया।
प्रधानमंत्री ने एक ट्वीट में कहा, ‘‘पैरालंपिक में रजत पदक जीतने पर प्रवीण कुमार पर गर्व है। यह पदक उनके कठिन परिश्रम और अद्वितीय समर्पण का परिणाम है। उन्हें बधाइयां। भविष्य के लिए ढेर सारी शुभकामनाएं।’’
बाद में प्रधानमंत्री ने कुमार से फोन पर बात की और उन्हें बधाई दी।
अधिकारियों के मुताबिक, प्रधानमंत्री ने इस दौरान कुमार के कठिन परिश्रम के साथ ही उनके कोच और परिजनों से मिले समर्थन की सराहना की।
अठारह वर्षीय कुमार ने बधाई और शुभकामनाओं के लिए प्रधानमंत्री का आभार जताया।
यह कुमार का व्यक्तिगत सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन भी है और 2019 में खेल में आने के बाद पहला बड़ा पदक भी है। नोएडा के निवासी कुमार यहां भारतीय दल के सबसे युवा पदक विजेता भी बन गये हैं।
पैरालंपिक में भारत ने अभी तक दो स्वर्ण और छह रजत सहित कुल 11 पदक जीते हैं।
ब्रजेन्द्र
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)













QuickLY