नयी दिल्ली, 24 मई दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने शुक्रवार को दावा किया कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने माना है कि आबकारी नीति मामला ‘‘पूरी तरह फर्जी’’ है। उन्होंने कहा कि इस मामले में गिरफ्तार सभी लोगों को रिहा किया जाना चाहिए।
डिजिटल तरीके से संवाददाता सम्मेलन को संबोधित करते हुए केजरीवाल ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) हल्ला मचा रही है कि 2021-22 के लिए दिल्ली आबकारी नीति के निर्माण और कार्यान्वयन में घोटाला हुआ है।
मुख्यमंत्री ने कहा, ‘‘उन्होंने मुझे, संजय सिंह, मनीष सिसोदिया को गिरफ्तार किया, पूरे देश में 500 से अधिक छापे मारे। मुझे नहीं पता कि उन्होंने और कितने लोगों को गिरफ्तार किया।’’
इस मामले में एक जून तक अंतरिम जमानत पर रिहा केजरीवाल ने कहा, ‘‘वे कहते हैं कि हमने 100 करोड़ रुपए की रिश्वत ली और अभी कुछ दिन पहले ही उन्होंने कहा कि 1100 करोड़ रुपए का घोटाला हुआ है। बड़ा सवाल यह उठता है कि अगर 100 करोड़ या 1100 करोड़ रुपए का घोटाला हुआ है तो पैसा कहीं न कहीं तो रखा ही होगा। उन्होंने 500 से ज्यादा छापे मारे, उन्हें कहीं एक पैसा भी नहीं मिला। हमने कहीं न कहीं तो खर्च किया ही होगा।’’
उन्होंने कहा कि लेकिन केंद्रीय एजेंसियों को अब तक की गई सभी छापेमारी में खर्च का कोई हिसाब नहीं मिला है।
उन्होंने कहा, ‘‘एक साक्षात्कार में प्रधानमंत्री से पूछा गया कि केजरीवाल कह रहे हैं कि इस मामले में कोई सबूत नहीं मिला है। इस पर प्रधानमंत्री ने कहा कि कोई पैसा नहीं मिला है, क्योंकि केजरीवाल एक अनुभवी चोर हैं। यानी उन्होंने स्वीकार किया है कि कोई बरामदगी नहीं हुई है।’’
आम आदमी पार्टी (आप) के राष्ट्रीय संयोजक ने कहा, ‘‘इसे छिपाने के लिए उन्होंने कहा कि केजरीवाल ‘अनुभवी चोर’ हैं। यह गलत गिरफ्तारियों को सही साबित करने का एक बहाना है। जब आपने स्वीकार कर लिया है कि आबकारी घोटाले का मामला गलत है, तो कृपया उन लोगों को रिहा कर दें, जिन्हें गिरफ्तार किया गया है।’’
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)












QuickLY