ताजा खबरें | पीठासीन सभापति जगदंबिका पाल ने कांग्रेस सांसद को लोकसभा में वीडियो नहीं बनाने की हिदायत दी

नयी दिल्ली, 18 मार्च लोकसभा में मंगलवार को आसन के समीप नारेबाजी करने के दौरान कांग्रेस के एक सदस्य के वीडियो बनाने पर पीठासीन सभापति जगदंबिका पाल ने उन्हें सदन की मर्यादा बनाए रखने की हिदायत दी।

सदन में रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव रेल मंत्रालय के नियंत्रणाधीन अनुदान की मांगों पर हुई चर्चा का जवाब दे रहे थे। इस दौरान कांग्रेस समेत विपक्षी दलों के सदस्य आसन के पास आकर नारेबाजी कर रहे थे और पोस्टर दिखा रहे थे।

विपक्षी सदस्य महाकुंभ के बारे में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी द्वारा सदन में दिए गए वक्तव्य में प्रयागराज भगदड़ में मारे गए लोगों का उल्लेख नहीं होने पर हंगामा कर रहे थे। इस मुद्दे पर सदन की कार्यवाही एक बार के स्थगन के बाद करीब दो बजे दिनभर के लिए स्थगित कर दी गई।

वैष्णव के जवाब देने के दौरान ही रेल राज्य मंत्री रवनीत सिंह बिट्टू ने पीठासीन सभापति का ध्यान कांग्रेस के एक सांसद द्वारा सदन में वीडियो बनाए जाने की ओर दिलाया।

वैष्णव के पास बैठे बिट्टू को कहते सुना गया, ‘‘सर ये क्या हो रहा है। सर ये सदन में वीडियो बना रहे हैं।’’

इस दौरान विपक्षी सदस्यों को बिट्टू से नोकझोंक करते हुए देखा गया।

पीठासीन सभापति जगदंबिका पाल ने कांग्रेस सांसद मणिकम टैगोर का नाम लेते हुए कहा, ‘‘मिस्टर टैगोर कृपया सदन की मर्यादा रखें। आप आसन के पास खड़े होकर कोई वीडियो नहीं बना सकते।’’

उन्होंने सदन में हंगामा कर रहे सदस्यों से कई बार सीट पर जाकर बैठने और रेल मंत्री का जवाब सुनने का आग्रह करते हुए कहा कि वैष्णव सभी राज्यों और सभी सदस्यों के रेल संबंधी मुद्दों और प्रश्नों का जवाब विस्तार से दे रहे हैं और सभी को ध्यान से उनकी बात सुननी चाहिए।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)