देश की खबरें | राष्ट्रपति चुनाव: मुंबई पहुंची मुर्मू, सांसदों और विधायकों से करेंगी मुलाकात

मुंबई, 14 जुलाई राष्ट्रपति चुनाव के लिए राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) की उम्मीदवार द्रौपदी मुर्मू महाराष्ट्र में सत्तारूढ़ गठबंधन के सांसदों और विधायकों से मिलने के लिए बृहस्पतिवार दोपहर मुंबई पहुंचीं।

महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे और उप मुख्यमंत्री देवेंद्र फड़णवीस ने छत्रपति शिवाजी अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर मुर्मू की अगवानी की। भाजपा नेता विनोद तावड़े मुर्मू के साथ थे।

इसके बाद मुर्मू भाजपा विधायकों, सांसदों और शिंदे गुट के शिवसेना विधायकों से मिलने के लिए हवाई अड्डे के निकट एक निजी होटल रवाना हो गईं।

शिवसेना प्रमुख उद्धव ठाकरे ने मंगलवार को घोषणा की थी कि उनकी पार्टी 18 जुलाई को होने वाले राष्ट्रपति चुनाव में मुर्मू का समर्थन करेगी।

पार्टी सूत्रों ने कहा कि मुर्मू का यहां ठाकरे के आवास पर उनसे मिलने का कार्यक्रम नहीं है।

विपक्ष ने राष्ट्रपति चुनाव के लिए यशवंत सिन्हा को उम्मीदवार बनाया है।

मुर्मू इससे पहले झारखंड की राज्यपाल रह चुकी हैं। यदि वह चुनाव जीतती हैं तो वह देश की पहली आदिवासी महिला राष्ट्रपति बन जाएंगी।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)