देश की खबरें | राष्ट्रपति चुनाव: चंडीगढ़ पहुंचीं मुर्मू, भाजपा-जजपा विधायकों से की मुलाकात

चंडीगढ़, एक जुलाई राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) की ओर से राष्ट्रपति पद की उम्मीदवार द्रौपदी मुर्मू शुक्रवार को यहां पहुंचीं और हरियाणा के भाजपा-जजपा विधायकों तथा सांसदों से मुलाकात की।

राष्ट्रपति चुनाव 18 जुलाई को होना है।

हरियाणा के मुख्यमंत्री मनोहर लाल खट्टर, उपमुख्यमंत्री दुष्यंत चौटाला, भाजपा की राज्य इकाई के अध्यक्ष ओ.पी. धनखड़ और भाजपा की पंजाब इकाई के अध्यक्ष अश्विनी शर्मा ने यहां हरियाणा भवन में मुर्मू का स्वागत किया।

मुर्मू ने समर्थन की अपील करते हुए कहा कि हरियाणा वीरों और शहीदों की भूमि होने के साथ-साथ एक ऐसी जगह भी है, जिसका श्रीमद्भगवद्गीता गीता में उल्लेख है।

भाजपा की हरियाणा इकाई के एक बयान में उनके हवाले से कहा गया है, "इस राज्य ने हर क्षेत्र में एक अमिट छाप छोड़ी है। राजग ने एक आदिवासी महिला को राष्ट्रपति पद का उम्मीदवार बनाकर अपनी नीति स्पष्ट कर दी है।"

उन्होंने कहा, ''एक आदिवासी महिला होने के नाते मैंने कभी नहीं सोचा था कि मुझे इस पद के लिए उम्मीदवार बनाया जाएगा।''

उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने उन्हें देश के सर्वोच्च संवैधानिक पद के लिए उम्मीदवार बनाकर 'सबका साथ, सबका विश्वास' के नारे को साबित कर दिया है।

उन्होंने कहा, "मैंने महिलाओं, गरीबों और आदिवासियों के लिए काम किया है। जीवन में जो भी चुनौतियां आई हैं, मैंने उसे स्वीकार किया है और हमेशा अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करने की कोशिश की है।"

मुर्मू ने कहा कि वह हमेशा देश के लिए काम करने के लिए तैयार हैं और उम्मीद जताई कि भाजपा और जजपा (जननायक जनता पार्टी) के अलावा हरियाणा के निर्दलीय विधायक और अन्य दलों के विधायक एवं सांसद भी उनका भी समर्थन करेंगे।

अधिकारियों ने बताया कि इस अवसर पर केंद्रीय मंत्री अनुराग ठाकुर, अर्जुन राम मेघवाल, हरियाणा विधानसभा अध्यक्ष ज्ञानचंद गुप्ता, राज्य के कैबिनेट मंत्री और भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) तथा जजपा के विधायक मौजूद थे। इस मौके पर चंडीगढ़ की सांसद किरण खेर भी मौजूद थीं।

राष्ट्रपति चुनाव के लिए नामांकन पत्रों की जांच के बाद ओडिशा की आदिवासी नेता मुर्मू और उनके प्रतिद्वंद्वी यशवंत सिन्हा के रूप में दो उम्मीदवार ही मुकाबले में शेष रह गये हैं। राजग के सभी घटक दलों के अलावा, शिरोमणि अकाली दल, वाईएसआर कांग्रेस, बीजू जनता दल और बहुजन समाज पार्टी ने भी मुर्मू को समर्थन देने की बात कही है।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)