एजेंसी न्यूज

देश की खबरें | झारखंड में छठ पूजा को लेकर तैयारियां जोरों पर

Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. झारखंड में छठ पूजा की तैयारियां जोरों पर हैं। यह पर्व शुक्रवार से शुरू होगा और इसके लिए कई तरह की तैयारियों को अंतिम रूप दिया जा रहा है।

देश की खबरें | झारखंड में छठ पूजा को लेकर तैयारियां जोरों पर

रांची/हजारीबाग/ जमशेदपुर (झारखंड), 27 अक्टूबर झारखंड में छठ पूजा की तैयारियां जोरों पर हैं। यह पर्व शुक्रवार से शुरू होगा और इसके लिए कई तरह की तैयारियों को अंतिम रूप दिया जा रहा है।

प्रशासन ने छठ घाटों की सफाई शुरू कर दी है। लोग बाजारों में पूजा सामग्री खरीदने में व्यस्त हैं।

छठ पूजा झारखंड के सबसे बड़े त्योहारों में से एक है जहां परिवार एक साथ उत्सव में शामिल होते हैं। परिवार के सदस्य और रिश्तेदार दूर-दूर से आने लगे हैं, यहां तक कि कई को अपनी ट्रेन यात्रा के लिए आरक्षण हासिल करने में कठिनाइयों का सामना करना पड़ा।

चार दिवसीय उत्सव शुक्रवार को नहाय-खाय अनुष्ठान के साथ शुरू होगा और सोमवार की सुबह सूर्य देव को अर्घ्य देने के साथ समाप्त होगा।

जलाशयों और नदियों में मुख्य अनुष्ठान 30 अक्टूबर की शाम और अगले दिन सुबह होगा। हर साल, झारखंड के तालाबों, नदियों, जलाशयों और झीलों में बड़ी संख्या में भक्त उगते और डूबते सूरज की पूजा करने के लिए इकट्ठा होते हैं।

बाजारों में आवश्यक पूजा सामग्री जैसे उपले, सूखी लकड़ी, टोकरियां, नारियल, नींबू और मिट्टी के दीये उपलब्ध हैं। हालांकि, महंगाई कई लोगों के लिए चिंता का कारण है।

रांची के अपर बाजार क्षेत्र निवासी राधा कृष्ण पांडेय ने बताया, ‘‘पूजा सामग्री के दामों में इस साल 2021 की तुलना में 15-20 फीसदी की वृद्धि हुई है। घी के दाम में भारी बढ़ोतरी देखने को मिली है, जो पिछले साल की तुलना में लगभग 100 रुपये प्रति किलो बढ़े है। इसी तरह आटा और चावल के दाम 4-5 रुपये प्रति किलो बढ़े हैं।’’

इस बीच, मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने बुधवार को रांची के कांके बांध और हटनिया तालाब में छठ घाटों पर प्रशासनिक तैयारियों, त्योहारों के लिए स्वच्छता, सुरक्षा उपायों और अन्य सुविधाओं का जायजा लिया।

उन्होंने घाटों पर साफ-सफाई सुनिश्चित करने को भी कहा।

रांची के उपायुक्त राहुल कुमार सिन्हा ने कहा कि इस साल तालाबों और अन्य जलाशयों में जलस्तर कुछ ज्यादा है। उन्होंने कहा, ‘‘हम संवेदनशील जलाशयों की बैरिकेडिंग कर रहे हैं और खतरे वाले क्षेत्रों को चिह्नित कर रहे हैं। छठ घाटों पर साफ-सफाई और बिजली की उचित आपूर्ति सुनिश्चित की गई है।’’

रांची की मेयर आशा लकड़ा एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक कौशल किशोर ने बृहस्पतिार को शहर के विभिन्न तालाबों का निरीक्षण किया।

हजारीबाग में जिला प्रशासन और नगर निगम ने शहर के 24 तालाबों में बड़े पैमाने पर सफाई अभियान शुरू किया है।

उप विकास आयुक्त-सह-नगर आयुक्त प्रेरणा दीक्षित ने कहा कि नवाबगंज इलाके में स्थित हजारीबाग झील और छठ तालाब में बड़ी संख्या में श्रद्धालु आते हैं। उन्होंने कहा कि इन जगहों पर सुरक्षा सुनिश्चित की गई है।

पूर्वी सिंहभूम की उपायुक्त विजया जाधव ने संबंधित अधिकारियों को सभी छठ घाटों पर खतरे वाले क्षेत्रों की पहचान करने और उन्हें चिह्नित करने, गोताखोरों को तैनात करने और अपने मोबाइल नंबर स्पष्ट रूप से प्रदर्शित करने के लिए कहा है।

गिरिडीह जिले में कोविड-19 प्रतिबंधों के कारण दो वर्ष के अंतराल के बाद राज धनवार क्षेत्र में तीन दिवसीय कार्यक्रम का आयोजन किया जा रहा है।

एक अधिकारी ने कहा कि भीड़ प्रबंधन के लिए उचित योजना बनाई गई है।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)

(The above story first appeared on LatestLY on Oct 27, 2022 07:56 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).