विदेश की खबरें | अमेरिका की राजकीय यात्रा के लिए छह महीने पहले हो जाती है तैयारी शुरू: अमेरिकी इतिहासकार
श्रीलंका के प्रधानमंत्री दिनेश गुणवर्धने

वाशिंगटन, 10 जून अमेरिका की राजकीय यात्रा का सम्मान बेहद करीबी दोस्तों और सहयोगियों को दिया जाता है और इसके तहत व्हाइट हाउस द्वारा छह महीना पहले ही सावधानीपूर्वक तैयारी शुरू कर दी जाती है। एक प्रसिद्ध अमेरिकी इतिहासकार ने यह जानकारी दी।

‘डेविड एम रुबेनस्टीन नेशनल सेंटर फॉर व्हाइट हाउस हिस्ट्री’ के उपाध्यक्ष और अंतरिम निदेशक मैथ्यू कॉस्टेलो की टिप्पणी प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की अमेरिका की पहली राजकीय यात्रा से पहले आई है। अमेरिकी राष्ट्रपति जो बाइडन और प्रथम महिला जिल बाइडन के आमंत्रण पर प्रधानमंत्री मोदी 21-24 जून तक अमेरिका की यात्रा करेंगे।

मैथ्यू ने कहा, ‘‘आमतौर पर, एक निमंत्रण दिया जाता है। व्हाइट हाउस के कार्यक्रमों से करीब छह महीने पहले से योजना तैयार की जाती है।’’

उन्होंने कहा, ‘‘(राजकीय यात्रा के दिन) व्हाइट हाउस में एक राजकीय आगमन समारोह होगा, जो आमतौर पर दक्षिण लॉन में होता है। इस दौरान राष्ट्रपति और अतिथि राष्ट्राध्यक्ष संवाद करेंगे।’’

उन्होंने कहा, ‘‘वे संबंधित देशों के राष्ट्रगान सुनेंगे। अपने सैनिकों का जायजा लेंगे, और फिर वे बातचीत के लिए व्हाइट हाउस जाएंगे। इसके बाद रात्रिभोज आयोजित किया जाएगा, और फिर वे राष्ट्रपति के आधिकारिक गेस्ट हाउस, ब्लेयर हाउस में राष्ट्रपति एवं प्रथम महिला के मेहमान के रूप में वहां विश्राम करेंगे।’’

मैथ्यू के अनुसार, पहली राजकीय यात्रा पर 1874 में हवाई के राजा कलाकौआ आए थे।

उन्होंने कहा कि राजकीय रात्रिभोज के बारे में बहुत से लोग सोचते हैं कि अनेक प्रकार के भोजन परोसे जाते होंगे। मैथ्यू ने कहा, ‘‘लेकिन इसमें ऐसा भी बहुत कुछ होता है जो न केवल अतिथि के देश, उनकी संस्कृति और उनके आदर्शों के लिए स्वीकृति और सम्मान दिखाता है बल्कि यह भी बताता है कि हमारे साझा विचार और लक्ष्य एवं उद्देश्य क्या हैं जिन्हें हम द्विपक्षीय संबंध के रूप में मिलकर काम कर सकते हैं।’’

उन्होंने कहा कि जॉन एफ कैनेडी के कार्यकाल से राजकीय रात्रिभोज का दायरा व्यापक होता गया।

उन्होंने कहा कि पहले के राजकीय भोज कहीं अधिक सादगीपूर्ण थे लेकिन बाद में हालात के हिसाब से कई चीजें इसमें जुड़ती गईं। मैथ्यू ने कहा, ‘‘अमेरिका के वैश्विक शक्ति बनने के साथ व्हाइट हाउस का निमंत्रण कुछ ऐसा है जो बहुत ही प्रतिष्ठित हो गया। दूसरे देशों के कई नेता हैं जो व्हाइट हाउस आना चाहते हैं।’’

मैथ्यू ने कहा, ‘‘यह उनके लिए भी फायदेमंद है। न केवल देश में अपनी राजनीतिक हैसियत के मामले में, बल्कि अंतरराष्ट्रीय मंच पर भी यह उनके लिए फायदेमंद होता है। लोग यह पहचानने और स्वीकार करने लगते हैं कि संबंधित व्यक्ति का दर्जा काफी ऊंचा है। राष्ट्रपति के साथ उनके अच्छे संबंध हैं।’’

उन्होंने कहा कि राजकीय भोजन कक्ष, जहां राजकीय रात्रिभोज आयोजित किए जाते हैं, बहुत बड़ा नहीं है। मैथ्यू ने कहा कि आमतौर पर, इसमें लगभग 120 से 140 लोग रहते हैं।

उन्होंने कहा कि हालांकि हाल के राजकीय भोज में अधिक संख्या में लोग शामिल हुए। बाइडन ने हाल में एक राजकीय रात्रिभोज का आयोजन किया था जिसमें 300 से अधिक लोग शामिल थे।

मैथ्यू ने कहा कि रोनाल्ड रीगन के नाम सबसे ज्यादा राजकीय रात्रिभोज आयोजित करने का रिकॉर्ड है। रीगन ने राष्ट्रपति के अपने दो कार्यकाल में 59 से अधिक राजकीय रात्रिभोज आयोजित किए।

बाइडन के कार्यकाल में अन्य देशों के केवल दो नेता- फ्रांस के राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रों और दक्षिण कोरिया के राष्ट्रपति यून सुक योल राजकीय यात्रा पर आए हैं।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)