(फोटो के साथ)
नयी दिल्ली, 25 अप्रैल केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने मंगलवार को कहा कि शिरोमणि अकाली दल के संरक्षक प्रकाश सिंह बादल का निधन भारतीय राजनीति के लिए एक अपूरणीय क्षति है।
शाह ने कहा कि बादल का बेजोड़ राजनीतिक अनुभव सार्वजनिक जीवन में उनके लिए बहुत मददगार रहा और बादल को सुनना हमेशा सुखद रहता था।
केंद्रीय गृह मंत्री ने ट्वीट किया, ‘‘वरिष्ठ राजनेता श्री प्रकाश सिंह बादल साहब का निधन अत्यंत दुखद है। कई दशकों का उनका राजनीतिक जीवन गरीबों के कल्याण के लिए समर्पित था। उनका निधन भारतीय राजनीति के लिए अपूरणीय क्षति है। मेरी संवेदनाएं उनके परिवार और समर्थकों के साथ हैं।’’
शाह ने कहा कि वह सौभाग्यशाली हैं कि उन्हें कई बार बादल से मिलने का मौका मिला।
शाह ने एक अन्य ट्वीट में कहा, ‘‘उनका अद्वितीय राजनीतिक अनुभव मेरे लिए सार्वजनिक जीवन में बहुत मददगार था और उन्हें सुनने में हमेशा आनंद आता था। उनके साथ मुलाकातों की यादें हमेशा मेरे साथ रहेंगी। ओम शांति शांति शांति। ’’
गौरतलब है कि पंजाब के पूर्व मुख्यमंत्री और शिरोमणि अकाली दल (शिअद) के संरक्षक प्रकाश सिंह बादल (95) का मंगलवार को निधन हो गया। वह मोहाली के एक निजी अस्पताल में भर्ती थे। अस्पताल के अधिकारियों और पार्टी सूत्रों ने यह जानकारी दी।
उन्होंने बताया कि बादल को मोहाली स्थित फोर्टिस अस्पताल में करीब एक सप्ताह पहले सांस लेने में परेशानी होने की शिकायत के बाद भर्ती कराया गया था।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)












QuickLY