भुवनेश्वर, तीन अक्टूबर केंद्रीय मंत्री धमेंद्र प्रधान ने कृषि सुधारों के बारे में ‘‘झूठी सूचना’’ फैलाने को लेकर विपक्षी पार्टी कांग्रेस की आलोचना करते हुए शनिवार को कहा कि उनका ‘‘किसानों का शोषण करने का इतिहास रहा है।’’
उन्होंने कहा कि केन्द्र सरकार ने कृषि सुधारों के जरिए किसानों के लिए बेहतर भविष्य सुनिश्चित किया क्योंकि इन सुधारों से कृषि उपज की आपूर्ति श्रृंखला से बिचौलियों को हटाया गया।
यह भी पढ़े | कोरोना के गुजरात में 1343 नए केस पाए गए, 12 की मौत: 3 अक्टूबर 2020 की बड़ी खबरें और मुख्य समाचार LIVE.
इन तीन कृषि कानूनों को ‘कृषिक हितैषी’ करार देते हुए उन्होंने कहा कि इन सुधारों से उनकी आय बढ़ाने मे मदद मिलेगी और न्यूनतम समर्थन मूल्य (एमएसपी) की व्यवस्था तो जारी रहेगी।
प्रधान ने संवाददाताओं से कहा, ‘‘यह एक झूठा प्रचार है कि संसद से इन विधेयकों के पारित होने के बाद एमएसपी खत्म कर दिया जाएगा। यह देश में जारी रहेगा। (नये कानून में) व्यवस्था से बिचौलियों को हटाने के प्रावधान हैं।’’
उन्होंने कहा, ‘‘चूंकि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी किसानों के लिए बेहतर दाम सुनिश्चित करने के लिए कटिबद्ध है, इसलिए एमएसपी बना रहेगा।’’
मंत्री ने कहा कि भाजपा नीत सरकार के 2014 में सत्ता में आने के बाद धान और गेहूं के एमएसपी में क्रमश: 150 और 135 फीसदी की बढ़ोत्तरी की गयी।
उन्होंने कहा कि तेलहन और दलहन के एमएसपी में राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) सरकार में ‘अप्रत्याशित वृद्धि’ हुई।
कांग्रेस पर निशाना साधते हुए प्रधान ने कहा, ‘‘जो दशकों तक सत्ता में रहे हैं, वे लोग किसानों को गुमराह कर रहे हैं... जिन कुछ लोगों का किसानों का शोषण करने का इतिहास रहा है, वे कृषि सुधारों के बारे में गलत सूचना फैला रहे हैं।’’
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)













QuickLY