कोच्चि, 17 अगस्त वेटिकन के एक प्रतिनिधि ने बृहस्पतिवार को उन पादरियों को कड़ी चेतावनी दी जो सिरो-मालाबार कैथोलिक चर्च के एर्नाकुलम-अंगामाली आर्चडिओसीज के तहत गिरजाघरों में पवित्र प्रार्थना कार्यक्रम में एकरूपता लाए जाने का विरोध कर रहे हैं। प्रतिनिधि ने कहा कि इस तरह की अवज्ञा दंडात्मक कार्रवाई को आमंत्रित करेगी।
पोंटिफिकल प्रतिनिधि आर्चबिशप सिरिल वासिल ने संबंधित पादरियों को कड़े शब्दों में लिखे गए एक पत्र में उन्हें 20 अगस्त से धर्मसभा द्वारा अनुमोदित पवित्र प्रार्थना कार्यक्रम की कवायद करने का निर्देश दिया और कहा कि ऐसा न करने को अवज्ञा माना जाएगा।
सिरो-मालाबार कैथोलिक चर्च पोप से पूर्ण समन्वय वाले 22 पूर्वी ओरिएंटल गिरजाघरों में से एक है।
चर्च धर्मसभा ने अगस्त 2021 में पवित्र प्रार्थना कार्यक्रम का एक समान तरीका पेश किया था।
सिरो-मालाबार के अंतर्गत अन्य सभी डिओसीज ने धर्मसभा-अनुमोदित पवित्र प्रार्थना कार्यक्रम को अपना लिया, लेकिन एर्नाकुलम-अंगामाली आर्चडिओसीज के अधिकतर पादरियों ने इसका विरोध करते हुए कहा कि वे प्रार्थना कार्यक्रम के पारंपरिक तरीके से अलग नहीं हो सकते।
आर्चबिशप ने यह पत्र तब लिखा जब प्रार्थना कार्यक्रम के समान तरीके का विरोध करने वाले पादरियों के एक वर्ग ने दो दिन पहले उन्हें यहां सेंट मैरी बेसिलिका के द्वार पर रोक दिया और 15 अगस्त के दिन विरोध प्रदर्शन किया।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)












QuickLY